
जबलपुर। खितौला, मझोली, बरगी में चोरों ने तीन घरों में धावा बोलते हुए लाखों की चोरी कर दी। पुलिस ने तीनों ही मामलों में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। खितौला पुलिस ने बताया कि शुक्रवार शाम प्रभांशु पाण्डे निवासी ग्राम खितौला खम्परिया थाना मझगवां ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके सूने घर का ताला तोडक़र चोर आलमारी में रखे सोने चांदी के जेवरात, नगदी समेत कपड़े एवं अन्य सामान चुराकर ले गए । इसी प्रकार मझौली थाने में शुक्रवार शाम शशि शंकर तिवारी निवासी ग्राम नन्हवारा मोहल्ला ने रिपोर्ट दर्ज करायी कि घर में ताला लगाकर परिवार सहित हथलेवा चला गया था। शुक्रवार दोपहर घर लौटकर आए तो ताला टूटा मिला। अलमारी खुली थी, जिसमें रखे जेवरात, नगद 70 हजार गायब थे । इसी प्रकार बरगी थाने में सुखराम पन्द्रे निवासी ग्राम ग्वारी टोला खापा ग्वारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि घर के आंगन में रखा सिंचाई की 7.5 एचपी एवं 3 एचपी की सम्बर्सिबल दोनों चोरी हो गए ।
ई रिक्शा, मोबाईल ले गए चोर
केंट थाने में अमृता बर्मन निवासी कुम्हार मोहल्ला अधारताल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका ई रिक्शा क्रमांक एमपी 20 जेड एफ 4791 सदर बाजार में खड़ा था जिसे अज्ञात चोर चुराकर ले गया । इसी प्रकार सिविल लाइन थाने में आशीष मौर्य निवासी पिपरिया सहलावन पान उमरिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह बीटेक की पढ़ाई श्रीराम कॉलेज जबलपुर से कर रहा है कटनी से जबलपुर स्टेशन शाम लगभग 6 बजे आकर स्टेशन के बाहर आया एवं आटो में बैठकर कॉलेज जाने लगा इसी दौरान उसका मोबाइल चोरी हो गया।