
जबलपुर । विकासखंड कुंडम स्थित शासकीय हाईस्कूल तिलसानी में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति, गिरते शैक्षणिक स्तर पर प्रभारी प्राचार्य सहित पांच शिक्षकों के विरूद्ध संयुक्त संचालक लोक शिक्षण घनश्याम सोनी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री जनविश्वास कार्यक्रम के अंतर्गत 9 अक्टूबर 2026 को किए गए औचक निरीक्षण के दौरान विद्यालय में व्यापक खामियां पाई गई थीं। निरीक्षण में विद्यार्थियों की उपस्थिति बेहद कम पाई गई तथा उनका शैक्षणिक स्तर भी
असंतोषजनक था। इसके अलावा कक्षाओं में डेली डायरी एवं स्टूडेंट रजिस्टर अपूर्ण मिले, नियमित गृहकार्य देने में लापरवाही पाई गई, परिसर में स्वच्छता का अभाव था और बीते वर्ष के बोर्ड परीक्षा परिणाम में भी गिरावट दर्ज की गई थी। इन गंभीर अनियमितताओं पर संयुक्त संचालक द्वारा 12 अक्टूबर 2026 को शासकीय एकीकृत हाई स्कूल तिलसानी के प्रभारी प्राचार्य अर्चना यादव एवं 5 शिक्षकों अशोक साहू, संगीत नोरोजी, गुलफिसा नूरी, ममता ठाकुर तथा रंजना प्रजापति को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। 17 अक्टूबर को प्रस्तुत शिक्षकों के स्पष्टीकरण संतोषजनक न पाए जाने पर संयुक्त संचालक ने पाँचों शिक्षकों की एक-एक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने के आदेश जारी किए हैं। वहीं, प्रभारी प्राचार्य अर्चना यादव की दो वेतनवृद्धियां असंचयी प्रभाव से रोकने का प्रस्ताव आयुक्त, लोक शिक्षण संचालनालय, भोपाल को भेजा गया है। साथ ही संबंधित विकासखंड स्रोत समन्वयक और जनशिक्षक को भी विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की सख्त चेतावनी दी गई है।
