सीहोर। वर्ष 2022 के नगर पालिका चुनाव में भाजपा प्रत्याशी श्रीमती सुनीता राय को अपना प्रतिनिधि चुनने वाले वार्ड क्रमांक 1 के मतदाता आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं. चुनाव के दौरान बेहतर सुविधाओं की उम्मीद लगाए बैठे रहवासियों का कहना है कि चार साल बीतने के बाद भी वार्ड में सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्या बनी हुई है. हालात से परेशान रहवासी अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन जैसे रास्ते अपनाने को मजबूर हैं.
नगरपालिका परिषद के वार्ड क्रमांक एक के 2468 मतदाताओं ने वर्ष 2022 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी श्रीमती सुनीता राय को अपना प्रतिनिधि चुना थाप्त करीब पांच हजार की आबादी वाले इस वार्ड के रहवासियों को उम्मीद थी कि उनके क्षेत्र में सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, लेकिन चार साल बाद भी पक्की सड़कों का अभाव उनकी सबसे बड़ी परेशानी बना हुआ हैप्त बढिय़ाखेड़ी, कोलीपुरा, पटेल कॉलोनी, पाटी मोहल्ला, अंजनी धाम, जीवन वाटिका और ब्रह्मपुरी कॉलोनी के एक हिस्से में रहने वाले लोगों को बारिश के दिनों में सबसे ज्यादा मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. कच्ची सड़कें दलदल में तब्दील हो जाती हैं और नालियों के अभाव में सड़कों पर जमा पानी लोगों की आवाजाही बाधित कर देता है. हालात ऐसे हैं कि सामान्य दिनों में भी सड़क और जलनिकासी की समस्या रहवासियों के लिए परेशानी का सबब बनी रहती है.
गौरतलब है कि अमृत योजना के तहत वार्ड में सीवेज लाइन बिछाने का काम होना था, लेकिन यह कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका. सीवेज लाइन का काम अधूरा रहने के कारण सड़क और नाली निर्माण भी आगे नहीं बढ़ पा रहा है. इसका खामियाजा स्थानीय रहवासियों को भुगतना पड़ रहा है. निजी स्कूल आने-जाने वाले छोटे बच्चों की परेशानी को देखते हुए रहवासी कोलीपुरा चौराहे पर प्रदर्शन भी कर चुके हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है. रहवासियों का कहना है कि जब तक सीवेज का काम पूरा नहीं होगा, तब तक सड़क निर्माण की उम्मीद भी अधूरी ही रहेगी. ऐसे में जरूरी है कि सीवेज कार्य को समय-सीमा में पूरा कर सड़क और नाली निर्माण की राह खोली जाए, ताकि रहवासियों को हर बारिश में उन्हीं परेशानियों से न जूझना पड़े.
पार्षद के आश्वासन से भी नहीं बन सकी सड़क
स्थानीय रहवासी श्रीमती शकुन राय ने बताया कि जब भी सड़क निर्माण की मांग पार्षद के सामने रखी जाती है, तो सीवेज का काम पूरा होने के बाद ही सड़क बनाने की बात कही जाती है. दूसरी ओर श्रीमती आशा ठाकुर का कहना है कि पार्षद प्रतिनिधि राहुल राय वार्ड में सक्रिय रहते हैं और रहवासियों की समस्याओं के समाधान के प्रयास भी करते हैं, लेकिन सड़क निर्माण के मामले में वे भी असहाय नजर आते हैं.
श्रीमती बबिता राय ने बारिश के दिनों की परेशानी बताते हुए कहा कि चार महीने घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो जाता है। कच्ची सड़कें और जलभराव रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करते हैं. वहीं पूर्व पार्षद एवं स्थानीय रहवासी कीर्ति श्रीवास्तव का कहना है कि श्रीमती सुनीता राय के कार्यकाल में वार्ड में विकास कार्य हुए हैं, लेकिन सड़क और नाली निर्माण नहीं होने से विकास अधूरा नजर आता है.
टेंडर हो चुके हैं, शीघ्र काम होगा
यह बात सही है कि सीवेज लाईन बिछाने के चक्कर में वार्ड का सर्वांगीण विकास नहीं हो पाया है. इसके अलावा वार्ड में कोई और कमी नहीं है. विकास कार्यों का सिलसिला जारी है. रही बात सीवेज की तो इसका कार्य भी तेजी से जारी है. कार्य पूरा होने के बाद सड़क व नाली निर्माण कराया जाएगा.
श्रीमती सुनीता राय,
पार्षद, वार्ड क्रमांक एक
ठेकेदार को किया है निर्देशित
वार्ड क्रमांक एक में सीवेज लाईन बिछाने के चलते सड़क निर्माण नहीं हो पा रहा था. हालांकि बारिश में नपा द्वारा सड़कों पर मुरम डालकर आवागमन को सुलभ बनाया गया था. अब सीवेज का कार्य तीव्रता से जारी है. ठेकेदार को भी समय सीमा में सीवेज कार्य पूरा करने को कहा गया है. ताकि सड़क बना सकें.
सुधीर कुमार,
मुख्य नपाधिकारी, सीहोर
