विसर्जन आस्था के सैलाब के बीच सुरक्षा व्यवस्था नदारद

चितरंगी। मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान मंगलवार को चितरंगी विकासखंड के सोन और गोपद नदी सहित अन्य जलाशयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और रंग-गुलाल के बीच भक्तों ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी। आस्था और उत्साह के इस माहौल में विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की कमी ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

सोन-गोपद नदी के साथ फुलकेश और गांगी घाट पर प्रतिमा विसर्जन के दौरान चितरंगी पुलिस की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही। बताया गया कि दोपहर के समय आधा सैकड़ा से अधिक प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा था, लेकिन घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल नजर नहीं आया।

गहरे पानी में उतरते रहे बच्चे

विसर्जन के दौरान बच्चे नदी के गहरे पानी में तैरते दिखाई दिए। कुछ युवाओं ने उन्हें गहरे पानी में जाने से रोकने की कोशिश की, लेकिन बच्चों पर इसका खास असर नहीं पड़ा। मौके पर वन चौकी का एक कर्मचारी मौजूद था, जो बच्चों को समझाइश दे रहा था, मगर सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं दिखे।

कोई हादसा नहीं, लेकिन उठे सवाल

राहत की बात रही कि विसर्जन के दौरान कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई। हालांकि, जिस तरह बच्चे गहरे पानी में उतरते रहे, उससे किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।

पुलिस की भूमिका पर सवाल

स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि जब घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ और बच्चों की मौजूदगी के बीच सुरक्षा की जरूरत थी, तब पुलिसकर्मी विसर्जन स्थलों से नदारद थे। यह भी बताया गया कि कुछ पुलिसकर्मी गांगी गांव में घरों पर बातचीत करते रहे। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में सवाल है कि संवेदनशील विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी आखिर किसकी थी?

Next Post

वार्ड क्रमांक 30 में आंगनवाड़ी केंद्र का लोकार्पण

Tue Oct 20 , 2026
सिंगरौली, वार्ड क्रमांक 30 में बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नवनिर्मित आंगनवाड़ी केंद्र का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, महापौर रानी अग्रवाल, अध्यक्ष देवेश पाण्डेय एवं वार्ड पार्षद अंजना साह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम की […]

You May Like