
शाजापुर, देवास से अपने गांव खेजडिय़ा लौट रहे दो लोग हादसे का शिकार हो गए, जिनकी बाइक सामने से आ रही बाइक से भिड़ गई. इस हादसे मे घायल एक युवक के सीने में जब दर्द होने लगा तो सुनेरा थाना प्रभारी ने सीपीआर देकर उसे राहत दी और उसकी जान बचाई. इसके बाद खुद अपने वाहन से घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे.
घटना सुनेरा थाने के सामने रात करीब 10 बजे हुई. जब एक बाइक पर सवार गोविंद बैरागी और राधेश्याम सेन देवास से अपने गांव खेजडिय़ा जा रहे थे. तभी उनकी बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई. जैसे ही हादसे की सूचना मिली थाना प्रभारी अंकित मुकाती ने थाना स्टाफ की मदद से दोनों को अपने वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया. इस दौरान एक युवक के सीने में दर्द हुआ. टीआई ने सीपीआर देते हुए अस्पताल ले जाया गया. हादसे में गोविंद बैरागी के सिर में गंभीर चोट आई है. वहीं राधेश्याम सेन के सिर और हाथ में मामूली चोटें आई हैं. दूसरी बाइक पर सवार व्यक्ति के बारे में फिलहाल जानकारी सामने नहीं आई है. राधेश्याम सेन ने बताया कि वह देवास की एलटीएन कंपनी में मशीन चलाने का काम करते हैं. वह अपने साथी गोविंद के साथ देवास से राजगढ़ जिले के खेजडिय़ा गांव स्थित घर जा रहे थे. इसी दौरान रात करीब 10 बजे सुनेरा थाने के सामने दोनों मोटर साइकिलों की भिड़ंत हो गई. सुनेरा थाना प्रभारी अंकित मुकाती ने बताया कि हादसे के बाद दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. मामले की जांच की जा रही है.
