सतना : निर्माणाधीन पानी की टंकियों से कीमती उपकरण चुराने वाले कटनी निवासी गिरोह के 4 सदस्यों को पुलिस ने दबोच लिया. आरोपियों के कब्जे से 1.71 लाख रु के उपकरण बरामद किए गए. जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा आस पास के थानों से आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है.मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र अंतर्गतग्राम रोहनिया और रोहनिया खुर्द में निर्माणाधीन पानी की टंकी से चोरी की शिकायत सामने आई थी. जिसे देखते हुए थाना प्रभारी टीकाराम कुर्मी ने मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम को निर्देशित किया. मुखबिरों के जरिए मिली सूचना को जब तकनीकी साक्ष्यों पर परखा गया तो 4 प्रमुख संदेहियों के नाम सामने आए.
लिहाजा पुलिस टीम ने बिना देरी किए धीरज भुमिया 22,आजाद कोल 19 दोनों निवासी विजयराघवगढ़ कटनी, गणेश उफ करण कोल 19 निवासी अमेहटा कटनी और अजीज खान 39 निवासी भडिय़ा मोहल्ला कटनी को दबोच लिया. पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार करने के साथ ही चुराया गया सामान भी उगल दिया. बरामद सामान की कीमत 1.71 लाख रु आंकी गई. जिसमें 18 बायलर, 25 ड्रेसिंग, 3 टावर स्पेनडल, 4 वाल्कवेज जाली, 4 सीटी प्रोप्स जैक और 2 स्प्रिंग लाक सम्मिलित हैं. आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे बंद मकान अथवा सूने इलाकों में रेकी करने के बाद चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे. जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा आरोपियों की आपराधिक कुण्डली खंगाली जा रही है.
