बस्तर दशहरा : फूल रथ की परिक्रमा के दौरान बिजली का खंभा गिरा, बड़ा हादसा टला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दंतेश्वरी मंदिर परिसर के आसपास पारंपरिक फूल रथ की परिक्रमा निकाली जा रही थी। इसी दौरान रथ अनियंत्रित होकर रास्ते में स्थित बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि खंभा श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच जा गिरा। घटना के समय खंभे के आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। गनीमत रही कि बिजली के तारों के संपर्क में कोई व्यक्ति नहीं आया और संभावित जनहानि टल गई।

इस घटना के बाद रथ परिक्रमा के दौरान सुरक्षा इंतजामों और विद्युत आपूर्ति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि परिक्रमा के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल (सीएसईबी) की ओर से संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद नहीं की गई थी। इसके कारण खंभा गिरने के समय बिजली के तारों में करंट प्रवाहित हो रहा था। ऐसी स्थिति में तारों के संपर्क में आने से गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।

स्थानीय श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की कथित लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इतने बड़े धार्मिक आयोजन के दौरान बिजली के खंभों और तारों से संभावित खतरे को देखते हुए पहले से पर्याप्त सावधानी बरती जानी चाहिए थी।

उल्लेखनीय है कि बस्तर दशहरा की सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार नवरात्रि के दूसरे दिन से सप्तमी तक फूल रथ की परिक्रमा कराई जाती है। इस दौरान दंतेश्वरी माई के छत्र को रथ पर विराजमान कर मंदिर परिसर के आसपास परिक्रमा निकाली जाती है। विशालकाय रथ को करीब 200 ग्रामीण सामूहिक रूप से खींचते हैं। इस धार्मिक अनुष्ठान को देखने के लिए प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं।

विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा में हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं की भागीदारी होती है। आयोजन की व्यवस्थाओं पर प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं। इसके बावजूद रथ परिक्रमा मार्ग पर बिजली के खंभों और तारों की मौजूदगी सुरक्षा के लिहाज से चुनौती बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आयोजन स्थल के आसपास अब तक भूमिगत विद्युत व्यवस्था नहीं की गई है। इसके कारण रथ परिक्रमा के दौरान बिजली के तारों और खंभों से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ताजा घटना ने एक बार फिर आयोजन के दौरान विद्युत सुरक्षा और संबंधित विभागों की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Next Post

UP पुलिस का बड़ा एक्शन -अंतरराष्ट्रीय सट्टेबाजी गिरोह ध्वस्त, मैहर, रीवा, सहित 5 आरोपी गिरफ्तार रीवा नवभारत

Sun Oct 18 , 2026
रीवा:उत्तर प्रदेश की प्रतापगढ़ साइबर क्राइम पुलिस ने लखनऊ के चिनहट इलाके में छापेमारी कर अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सट्टेबाजी, साइबर धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 5 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो मध्य प्रदेश और गुजरात के रहने वाले […]

You May Like