ग्वालियर: पुलिस ने ग्राम पिपरौली के खेत में मिले शव की गुत्थी को सुलझा कर अंधे क़त्ल को अंजाम देने वाले चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, शुरूआती पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक ब्याज पर पैसे उधार देता था, आरोपियों ने भी उससे पैसे लाखों रुपये लिए थे जिसकी वसूली मृतक 20 प्रतिशत ब्याज की दर से कर रहा था और नहीं देने पर रोज टोकाटोकी करता था और धमकियाँ देता था जिससे परेशान होकर उन लोगों ने उसकी कुल्हाड़ी से हत्या कर दी।
ग्वालियर पुलिस ने कंट्रोल रूम में मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि डायल 112 को सूचना मिली कि झाँसी रोड थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरौली में भागीरथ गुर्जर के खेत में एक शव पड़ा है, पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची आसपास मालूम किया तो मृतक की पहचान पुरुषोत्तम गुर्जर के रूप में हुई जिसे उसके सगे भाई जितेन्द्र ने पहचाना, पुरुषोत्तम छोटी मडईयां केदारपुर थाना झांसीरोड का रहने वाला था। मृतक के सिर और गार्डन पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे, पुलिस ने मर्ग कायम कर जाँच शुरू कर दी।
5 टीमों ने 72 घंटे में सभी आरोपी गिरफ्तार किये
एसपी धर्मवीर सिंह के निर्देश पर अंधे क़त्ल की गुत्थी को सुलझाने के लिए 5 टीमें गठित की गई, टीमों ने लगातार घटनास्थल और आसपास के निवासियों, मृतक के परिजनों, संदेहियों से पूछताछ की, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और करीब 72 घंटे में हत्या का खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या करने वाले चारों आरोपियों रमन गुर्जर, राधाकृष्ण गुर्जर, छोटू उर्फ राहुल गुर्जर और विजय उर्फ खैरी गुर्जर निवासीगण छोटी मडईयां केदारपुर थाना झॉसीरोड़ को गिरफ्तार कर लिया ।
