इंदौर:त्योहारों के बीच खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने खाद्य प्रतिष्ठानों पर जांच तेज कर दी है। रेस कोर्स रोड स्थित सांची वीनस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (देसी मसाला रेस्टोरेंट) का पंजीयन निलंबित कर दिया गया है. वहीं, मानपुर, गणेश नगर और नौलखा में खाद्य नमूने लिए गए, जबकि ट्रेजर आइलैंड मॉल के फूड कोर्ट में सफाई संबंधी कमियां मिलीं.
विभाग के अनुसार, देसी मसाला रेस्टोरेंट का 11 सितंबर को निरीक्षण किया गया था. कमियां मिलने पर सुधार सूचना पत्र जारी किया गया, लेकिन संतोषजनक सुधार नहीं होने और जवाब व दस्तावेजों में खामियां पाए जाने पर पंजीयन प्राधिकारी मनोज कुमार रघुवंशी ने 15 अक्टूबर को पंजीयन निलंबित कर दिया. निलंबन अवधि में प्रतिष्ठान में खाद्य कारोबार प्रतिबंधित रहेगा. मानपुर में किराना दुकानों के निरीक्षण के दौरान खुले में धनिया, मिर्च और हल्दी बिकती मिली। व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
सुरेश चंद एवं ब्रदर्स से नमकीन, हल्दी, मिर्च पाउडर और गुलाब जामुन मिक्स के 4, माहेश्वरी किराना से गुलाब जामुन मिक्स, खड़ा मसाला, चाय और अजवाइन के 4 तथा राजेश किराना से घी और आटे के 2 नमूने लिए गए। कुल 10 नमूने जांच के लिए भोपाल भेजे जा रहे हैं. गणेश नगर की सांवरिया डेयरी से दूध, घी और पनीर, श्री डेयरी से घी तथा कृष्णा डेयरी से पनीर के कुल 5 नमूने लिए गए. नौलखा स्थित नेचुरल मेवा से बादाम और काजू के 2 नमूने भी जांच के लिए भेजे जा रहे हैं. 15 अक्टूबर को ट्रेजर आइलैंड मॉल स्थित सुरुचि फूड्स चटोरी के निरीक्षण में सफाई संबंधी कमियां मिलने पर सुधार सूचना पत्र जारी करने की कार्रवाई की जा रही है. प्रतिष्ठान से 5 खाद्य नमूने भी लिए गए हैं। सभी नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. मानपुर में चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला से हल्दी, मिर्च, धनिया, तेल और खड़े मसालों सहित 25 नमूनों की मौके पर त्वरित जांच की गई.
जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
इसके अलावा, विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर श्री वैष्णव विद्यापीठ विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, आमजन और द वेल्वेट कोटयार्ड के कर्मचारियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी ने सुरक्षित खान-पान, स्वच्छता और मिलावट के नुकसान बताए। स्नस्स््रढ्ढ की ‘हर लेबल कुछ कहता है’ पहल के तहत पैक्ड खाद्य पदार्थों की निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि, सामग्री और पोषण संबंधी जानकारी पढ़ने की सलाह दी गई.
