सतना/मैहर : मैहर के प्रसिद्ध मां शारदा मंदिर परिसर में अतिक्रमण और अवैध कब्जे की शिकायत मिलने की शिकायत के आधार पर अतिक्रमण हटाने पहुंचीं मैहर एसडीएम दिव्या पटेल के साथ बदतमीजी व बहस करने वाले तीन आरोपियों पर धारा 151 के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजा गया.
मिली जानकारी के अनुसार, मैहर एसडीएम दिव्या पटेल को मंदिर परिसर में अवैध रूप से लगाए गए पन्नी व अतिक्रमण के संबंध में शिकायत मिली जिसकी जाँच करने एसडीएम अतिक्रमित स्थल पहुँची और लगाई गई पन्नी को हटाये जाने के निर्देश दिए. इसी दौरान अतिक्रमणकारी तीन आरोपियों ने प्रशासनिक टीम की कार्रवाई का विरोध किया और एसडीएम दिव्या पटेल से बदतमीजी व बहस करना शुरू कर दिया. जिसकी सूचना तुरंत मैहर थाना प्रभारी को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शासकीय कार्य में बाधा डालने तथा प्रशासनिक अधिकारी से बदसलूकी करने वाले तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया.
मैहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 151 (शांति भंग करने की आशंका) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
प्रशासन का सख्त संदेश
इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि मैहर मंदिर परिसर में किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इसके साथ ही, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और अधिकारियों के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
