बेंगलुरु, 06 मार्च (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को यहां फ्रीडम पार्क में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा ने आरोप लगाया गया कि कर्नाटक कांग्रेस सरकार ने अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के कल्याण के लिए विशेष घटक योजना (एससीपी) और आदिवासी उप-योजना (टीएसपी) के तहत आवंटित धन का दुरुपयोग किया है।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुये भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने मुख्यमंत्री सिद्दारमैया पर तीखा हमला किया और उनकी सरकार पर ‘भ्रष्ट और दुष्ट’ होने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रशासन ने अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति कल्याण कोष का उपयोग अपनी चुनावी गारंटियों को पूरा करने के लिए की है, जिससे दलित समुदाय के साथ विश्वासघात हुआ है।
श्री येदियुरप्पा ने हालांकि कहा कि भाजपा सरकारों ने कभी भी एससी/एसटी विकास निधि का दुरुपयोग नहीं किया है और दलित कल्याण के लिए पार्टी की प्रतिबद्धता को दोहराया।
कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक ने भी कांग्रेस सरकार की आलोचना की और श्री सिद्दारमैया पर वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि अत्यधिक उधारी और धन के गलत आवंटन के कारण राज्य दिवालियापन के कगार पर है, तथा उन्होंने मुख्यमंत्री को सिद्दान्ना लूट की गारंटी वाला अन्ना करार दिया।
विधान परिषद में विपक्ष के नेता चालावादी नारायणस्वामी ने दलितों के कल्याण के लिए भाजपा की प्रतिबद्धता की पुष्टि की और पार्टी कार्यकर्ताओं से कांग्रेस सरकार के कथित फंड कुप्रबंधन के खिलाफ जनता का समर्थन जुटाने का आग्रह किया।
अपनी रणनीति के तहत भाजपा ने कथित अनियमितताओं को उजागर करने के लिए राज्यव्यापी आंदोलन की अगुआई करने के लिए 14 टीमें बनाई हैं।
श्री विजयेंद्र ने यह भी घोषणा की कि शुक्रवार को फ्रीडम पार्क में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें जनता से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व उपमुख्यमंत्री अश्वथ नारायण, विधायक एसआर विश्वनाथ, बिरथी बसवराज और अन्य सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता भी मौजूद थे।
