सिंगरौली । भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए रीवा लोकायुक्त पुलिस ने आज गुरुवार को सिंगरौली में जल संसाधन विभाग के सहायक वर्ग-2 के एक कर्मचारी को चार हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी पर दिवंगत सहकर्मी की लंबित बीमा राशि उनकी पत्नी के खाते में जमा कराने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगने का आरोप है। लोकायुक्त की टीम ने बैढ़न स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के पास ट्रैप कार्रवाई कर रिश्वत की राशि जप्त की।
लोकायुक्त पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी दिनेश कुमार श्रीवास्तव उम्र 60 वर्ष कार्यालय कार्यपालन यंत्री, जल संसाधन संभाग क्रमांक-2,सिंगरौली में सहायक वर्ग-2 के पद पर पदस्थ है। उसके विरुद्ध सीधी जिले के रामपुर नैकिन क्षेत्र के मुर्तला कोठार निवासी 21 वर्षीय रज्जन साकेत ने लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार उसके पिता जल संसाधन विभाग में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे और एक जून 2025 को सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद उनकी बीमा राशि का भुगतान लंबित था। इसी दौरान 22 अक्टूबर 2025 को उनके पिता का निधन हो गया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने अपनी मां के खाते में बीमा राशि जमा कराने के संबंध में विभागीय कर्मचारी से संपर्क किया।
स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के पास आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा
आरोप है कि इस प्रक्रिया को पूरा कराने के बदले चार हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस संभाग रीवा ने उसका सत्यापन कराया। शिकायत की पुष्टि होने पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम गठित कर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई। गुरुवार को निर्धारित कार्रवाई के दौरान आरोपी को शिकायतकर्ता से चार हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संशोधित धारा-7 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में निरीक्षक नरेश बेहरा एवं निरीक्षक एस राम मरावी सहित लोकायुक्त कार्यालय रीवा की टीम शामिल रही।
