जबलपुर: शहर के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी का शातिराना तरीका आजमाकर वारदातें की गई है। विजयनगर में जहां एक ऑटो चालक ने ऑटो खराब होने का नाटक रचकर बुजुर्ग किसान की जेब से 9,500 पार कर दिए, वहीं गढ़ा में एक्सीडेंट के बहाने कार चालक को झांसा देकर स्कूटी सवार ने मोबाइल और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दोनों ही मामलों में पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
विजयनगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पन्ना से इलाज कराने आए किसान प्रेमनारायण शर्मा (56) दीनदयाल चौराहे से पीले ऑटो में बैठकर मदनमहल जा रहे थे। चालक ने ऑटो खराब है का नाटक करते हुए बुजुर्ग की जेब में हाथ डालकर 9,500 पार कर दिए और एसबीआई चौक पर उतारकर भाग गया। गढ़ा पुलिस के मुताबिक डूंडासिवनी निवासी आशीष पटेल (43) अपनी कार से जा रहे थे। पिसनहारी पेट्रोल पंप के पास एक स्कूटी सवार महिला सहित गिर गया। आशीष जब मदद के लिए कार से उतरे, तो स्कूटी चालक ने कार में हाथ साफ कर उनका ओप्पो मोबाइल और 1,600 नकद चुरा लिए।
