भोपाल: ट्रेन में टिकट चेकिंग के दौरान यात्री और TTE के बीच होने वाली बातचीत अब कैमरे में रिकॉर्ड होगी। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने टिकट चेकिंग स्टाफ के लिए 56 बॉडी वियरिंग कैमरों का ऑर्डर दिया है। अगले 2 से 3 महीने में शान-ए-भोपाल, वंदे भारत समेत प्रमुख ट्रेनों में इनका इस्तेमाल शुरू करने की तैयारी है।
भोपाल रेल मंडल के अधिकारियों के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य यात्रियों और टिकट चेकिंग कर्मचारियों के बीच होने वाले विवादों की जांच आसान बनाना और दोनों पक्षों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। कैमरों की रिकॉर्डिंग से शिकायतों के दौरान घटनाक्रम की पुष्टि करने में मदद मिलेगी और टिकट चेकिंग व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी।
भोपाल मंडल में करीब 300 से 320 टिकट चेकिंग कर्मचारी हैं। पहले चरण में 56 कैमरे उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके बाद अगले साल तक सभी टिकट चेकिंग स्टाफ को कैमरों से लैस करने की योजना है। रेलवे का मानना है कि इससे यात्रियों और कर्मचारियों के बीच संवाद बेहतर होगा और शिकायतों के निराकरण में भी आसानी होगी।
