नशाखोरी, बदहाल कानून-व्यवस्था, और खराब माली हालत के लिए जिम्मेदार है पंजाब की आप सरकार: भाजपा

नयी दिल्ली 14 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब में नशाखोरी, बदहाल कानून-व्यवस्था, और खराब माली हालत के लिए राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को जिम्मेदार ठहराया है और कहा है कि इन सभी समस्याओं से सिर्फ भाजपा निजात दिला सकती है। पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लो ने बुधवार को यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए पजाब की आप सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब की पहचान सिख गुरुओं, संतों, देश के लिए लड़ने वाले वीर योद्धाओं, खिलाड़ियों और हरित क्रांति के लिए रही है, लेकिन यह बहुत दुखद है कि आज उसी पंजाब को चिट्टे और नशे के कारण पहचाना जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वैसे तो पंजाब में कई समस्याएं हैं, लेकिन सबसे बड़ी समस्या नशे की है। कल नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परमिंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गयी। उनके पिता ने आरोप लगाया है कि यह घटना स्थानीय विधायक के समर्थन से हुई। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की इस स्थिति के लिए आप की सरकार को जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि आज ही पंजाब के एक पुलिस कर्मचारी को 15 किलो हेरोइन के साथ सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पकड़ा है। इससे साबित होता है कि पंजाब में पुलिस के कर्मचारी ही नशा बिकवा रहे हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ही जिम्मेदार है, क्योंकि वही राज्य का गृह मंत्री भी है। श्री ढिल्लो ने पंजाब में नशे के कारण हर दिन लोगों की मौतें हो रही हैं और राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है। इसलिए मुख्यमंत्री को अब सरकार में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्हें तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।

भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब सरकार नशे की समस्या पर अंकुश लगाने में विफल हो रही है। इसके बजाय, लोगों की आवाज दबाई जा रही है। आप की सरकार में पंजाब में कोई भी व्यक्ति खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करता। कल अमृतसर में यस बैंक के प्रबंधक पर भी गोली चलाई गयी। उन्होंने कहा कि पंजाब में हालात हर दिन खराब होते जा रहे हैं। वर्ष 2026 में छह पुलिसवालों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। जनता की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार लोग भी सुरक्षित नहीं हैं।
श्री ढिल्लो ने आरोप लगाया कि मौजूदा समय में पंजाब में कानून व्यवस्था नहीं, जंगलराज है। उन्होंने कहा कि इसी मुद्दे को लेकर भाजपा ने एक बहुत बड़ी रैली भी आयोजित की थी। उन्होंने कहा, “इसकी शुरुआत हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने की थी। इसके बाद सभी बड़े मंत्री भी इसमें शामिल हुए। हमने चारों दिशाओं से इस रैली की शुरुआत की और इसका समापन जालंधर में किया।”उन्होंने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह ने एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि नशे की समस्या को कोई खत्म कर सकता है, तो वो भाजपा ही कर सकती है। इसके लिए उन्होंने 31 मार्च, 2029 का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने दावा किया पंजाब में अगली सरकार भाजपा की बनेगी और भाजपा इस समस्या को खत्म करेगी। उन्होंने कहा, “हम वचनबद्ध हैं कि नशे की इस समस्या को जड़ से समाप्त कर देंगे।”

.....

Next Post

भोपाल स्टेशन पर चलती ट्रेन से गिरीं मां-बेटी, RPF जवान ने बचाई जान; CCTV में कैद हुई घटना

Wed Oct 14 , 2026
भोपाल:भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस से उतरने की कोशिश में मां-बेटी चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गईं। ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के आरक्षक मदसूदन ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। […]

You May Like

Play sound