खरगोन:मध्य प्रदेश के खरगोन शहर के बिस्टान रोड पर संचालित पीजी कॉलेज के प्राचार्य का एक आदेश कॉलेज परिसर सहित प्रशासनिक हल्के में चर्चा का विषय बन गया है। इस आदेश के बाद स्वैच्छा से स्कूलों में टेबल-बेंच उपलब्ध कराने की कलेक्टर की मंशा विवादों में घिरने लगी है।प्राचार्य जीएस चौहान ने प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापकों को आदेश जारी कर कलेक्टर द्वारा चलाए जा रहे मिशन बेंच अभियान के तहत बैच अनुरुप एक जोड़ी टेबल-बेंच उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इस टेबल-बेंच की कीमत 1200 रुपए चुकाने का भी आह्वान किया है।
जारी आदेश अनुसार 2022 बैच के प्राध्यापक/ सहायक प्राध्यापको को एक जोड़ी टेबल-बेंच के लिए 1200 रुपए चुकाने होंगे। इसी तरह 2019 बैच के प्राध्यापक-सहायक प्राध्यापकों को 2 जोड़ी, 2005 बैच के प्राध्यापक और सहायक प्राध्यापक को 3 जोड़ी इसी तरह 2005 से पूर्व की बैच के प्राध्यापक- सहायक प्राध्यापक को 5 जोड़ी टेबल-बेंच देना होगी। इसके लिए राशि अपने- अपने विभागाध्यक्ष के पास जमा करानी होगी। आदेश जारी होने के बाद मिशन बेंच को लेकर की जा रही वसूली सवालों के घेरे में आ गई है। दबी जुबान कर्मचारियों का कहना है कि कलेक्टर ने मिशन बेंच अभियान स्कूलों में टेबल-बेंच उपलब्ध कराने के लिए शुरु किया है, जो सराहनीय पहल है। हालांकि इसके लिए दबाव बनाकर राशि वसूल करना गलत निर्णय है।
