
शिवपुरी। जिले में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का कार्य तेजी से पूरा कराया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए ग्राम पंचायत, पटवारी हल्का और तहसील स्तर पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविरों में पटवारी, सर्वेयर, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक सहित संबंधित विभागों का मैदानी अमला किसानों का पंजीयन कर रहा है। फार्मर रजिस्ट्री के तहत भूमि, आधार और बैंक खाते को लिंक कर यूनिक फार्मर आईडी बनाई जा रही है।
इससे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन और कृषि अनुदान का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से मिलेगा। किसान क्रेडिट कार्ड एवं कृषि ऋण की प्रक्रिया भी आसान होगी। किसानों से आधार कार्ड, आधार लिंक मोबाइल नंबर, खसरा नकल और बैंक पासबुक लेकर शिविर में पंजीयन कराने की अपील की गई है।
