नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (वार्ता) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और चेक गणराज्य के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं उद्योग और व्यापार मंत्री कारेल हवलीचेक ने दोनों देशों के बीच रक्षा उद्योग क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। मंगलवार को यहां हुई द्विपक्षीय बैठक में दोनों नेताओं ने मौजूदा सहयोग की समीक्षा की और संयुक्त परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर चर्चा की। इसका उद्देश्य ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ को बढ़ावा देना है। बैठक में दोनों पक्षों ने रक्षा क्षेत्र में जारी सहयोग और विभिन्न संयुक्त उपक्रमों की सफल स्थापना का स्वागत किया। साथ ही, भारत-चेक संयुक्त रक्षा समिति के तहत भी सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।
दोनों नेताओं ने शांति और सुरक्षा से जुड़े मौजूदा मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया। बैठक में भारत और चेक गणराज्य के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों के साथ-साथ आपसी विश्वास और सम्मान पर आधारित साझेदारी को भी दोहराया गया। श्री हवलीचेक चार दिन के भारत दौरे पर हैं। इस दौरान वह विभिन्न मंत्रालयों, व्यापारिक संगठनों और कारोबारियों से मुलाकात कर रहे हैं। उनका बेंगलुरु और मुंबई में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का दौरा करने का भी कार्यक्रम है।

