भोपाल: राजधानी का रानी कमलापति रेलवे स्टेशन करीब 450 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया गया है और इसे देश के विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशनों में शामिल किया जाता है। स्टेशन पर एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध होने के दावे के बीच प्लेटफॉर्म पर दो भैंसों के घूमने का वीडियो सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद स्टेशन की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
वायरल वीडियो में भैंसें प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के बीच घूमती और ट्रेन के बिल्कुल पास तक पहुंचती दिखाई दे रही हैं। ऐसे में बड़ा सवाल है कि स्टेशन परिसर में प्रवेश के बाद इन्हें प्लेटफॉर्म तक पहुंचने से रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था क्यों नहीं थी।
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, कई बार स्टेशन के आउटर की ओर का हिस्सा खुला रह जाता है, जिससे जानवर परिसर में प्रवेश कर जाते हैं। आसपास लोग खाने-पीने का सामान भी फेंकते हैं, जिसकी तलाश में मवेशी रेलवे ट्रैक और स्टेशन की ओर पहुंच जाते हैं।हालांकि रेलवे का तर्क अपनी जगह है, लेकिन प्लेटफॉर्म पर लगातार ट्रेनों की आवाजाही और यात्रियों की भीड़ के बीच आवारा पशुओं का पहुंचना गंभीर सुरक्षा चिंता है। इससे यात्रियों के घायल होने या ट्रेन की चपेट में आने जैसी स्थिति बन सकती है। रेलवे ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच की बात कही है।
