मुंबई, 12 अक्टूबर (वार्ता) बैंकों की डॉलर बिकवाली से सोमवार को रुपये में जबरदस्त तेजी देखी गयी और यह एक ही दिन में एक प्रतिशत के करीब मजबूत हुआ।
अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया 92 पैसे की बढ़त के साथ 95.79 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी दिवस पर यह 17 पैसे चढ़कर 96.71 रुपये प्रति डॉलर पर रहा था।
रुपया आज 110 पैसे उछलकर 95.61 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। यह ऊपर 95.57 रुपये प्रति डॉलर तक और नीचे 95.97 रुपये प्रति डॉलर तक गया। दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंत में 96.79 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
कारोबारियों ने बताया कि वाणिज्यिक बैंकों के माध्यम से रिजर्व बैंक ने आज डॉलर की बिकवाली की जिससे रुपये को मजबूती मिली। अन्य सभी कारक रुपये पर दबाव बनाने वाले थे।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का मानक ब्रेंट क्रूड वायदा दो प्रतिशत से अधिक की तेजी में 107 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया। दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक 0.25 प्रतिशत मजबूत हुआ।
इसके अलावा, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने आज भारतीय पूंजी बाजार में 42.78 करोड़ डॉलर की शुद्ध बिकवाली की। इससे भी रुपये पर दबाव रहा।
