अंतरराज्यीय बस स्टैंड के मुख्य द्वार पर ऑटो का कब्जा, यातायात व्यवस्था बेपटरी

सिंगरौली :अंतरराज्यीय बस स्टैंड बैढ़न के मुख्य प्रवेश द्वार पर मल्हार पार्क की ओर जाने वाली सड़क पर ऑटो चालकों का बेजा कब्जा यातायात व्यवस्था के लिए मुसीबत बन गया है। आज रविवार को दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मुख्य द्वार के सामने दर्जनभर ऑटो बेतरतीब तरीके से खड़े नजर आए। इसके चलते माजन मोड़ और बैढ़न नगर की ओर से आने वाली बसों को बस स्टैंड में प्रवेश करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
यह समस्या किसी एक दिन की नहीं, बल्कि रोजाना की बताई जा रही है। ऑटो चालक अपनी सुविधानुसार जहां जगह मिलती है, वहीं वाहन खड़े कर देते हैं। इससे मुख्य प्रवेश द्वार पर आवागमन बाधित होता है और बस चालकों को परेशानी झेलनी पड़ती है। स्थिति बिगड़ने पर जाम में फंसे वाहन चालकों और ऑटो चालकों के बीच तू-तू, मैं-मैं तथा विवाद की नौबत भी आ जाती है। हैरानी की बात यह है कि मुख्य प्रवेश द्वार पर इस तरह की अव्यवस्था के बावजूद ऑटो चालकों में पुलिस का कोई खौफ नजर नहीं आता। सवाल उठता है कि आखिर यातायात व्यवस्था संभालने वाले जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे है? यदि समय रहते ऑटो की व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित नहीं की गई, तो बस स्टैंड के मुख्य द्वार पर जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है।

Next Post

मटकी फोड़ते समय 20 फीट ऊंचाई से गिरा छात्र, रीढ़ की हड्डी में आई गंभीर चोट

Mon Oct 12 , 2026
इंदौर:द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के विदुर नगर स्थित स्कूल में जन्माष्टमी पर मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान ऊंचाई से गिरकर घायल हुए छात्र की शिकायत पर पुलिस ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज किया है. घटना करीब दो माह पुरानी है.श्रीराम नगर में रहने वाले 16 वर्षीय कृष्णा बघेल ने […]

You May Like

Play sound