इंदौर:द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के विदुर नगर स्थित स्कूल में जन्माष्टमी पर मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान ऊंचाई से गिरकर घायल हुए छात्र की शिकायत पर पुलिस ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज किया है. घटना करीब दो माह पुरानी है.श्रीराम नगर में रहने वाले 16 वर्षीय कृष्णा बघेल ने शिकायत में बताया कि 3 सितंबर को स्कूल में आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम में वह साथियों के साथ मटकी फोड़ने की कोशिश कर रहा था.
करीब 20 फीट ऊंचाई पर बंधी मटकी फोड़ते समय वह नीचे गिर गया, जिससे उसकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई. छात्र ने स्कूल डायरेक्टर भारती पंवार और प्रिंसिपल प्रतिभा माहा पर कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के इंतजाम नहीं करने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है. थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी
