
कटनी। कटनी जिले की बड़वारा तहसील अंतर्गत ग्राम पराईकांप में खनिज विभाग की टीम ने अवैध उत्खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक पोकलेन मशीन जप्त की है। इस मशीन का उपयोग कृषि भूमि पर बिना अनुमति मुरूम की अवैध खुदाई के लिए किया जा रहा था।
शिकायतों पर अचानक दी दबिश
खनिज विभाग को लगातार पराईकांप क्षेत्र में अवैध उत्खनन की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने रविवार को मौके पर अचानक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान कृषि भूमि पर भारी मात्रा में मुरूम का उत्खनन पाया गया, जिससे वहां एक बड़ा गड्ढा बन गया था। मौके पर जेसीबी कंपनी की पोकलेन मशीन खड़ी मिली, जिसे अवैध खुदाई में इस्तेमाल किया जा रहा था।
टीम को देखते ही चालक फरार
कार्रवाई के दौरान मौके पर कोई चालक या अन्य व्यक्ति उपस्थित नहीं था। खनिज विभाग की टीम के आने की भनक लगते ही संचालक मशीन छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद खनिज विभाग ने लावारिस हालत में मिली पोकलेन मशीन को तुरंत अपने कब्जे में ले लिया।
रेमंड प्लांट परिसर में खड़ी कराई गई मशीन
जप्त की गई पोकलेन मशीन को सुरक्षा की दृष्टि से रेमंड प्लांट परिसर में रखवाया गया है। विभाग द्वारा नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मशीन मालिक और संबंधित भूमि स्वामी की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
कार्रवाई दल में ये रहे शामिल
इस छापामार कार्रवाई में उपसंचालक रत्नेश दीक्षित, सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा, कमलकांत परस्ते एवं खनिज निरीक्षक प्रज्ञा शामिल रहीं।
