सीधी: रीवा में 12 एवं 13 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाली संभाग स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिताओं में सीधी जिले के 149 छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। चयनित खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करते हुए जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।लोक शिक्षण संचालनालय मध्यप्रदेश, भोपाल एवं संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, रीवा संभाग के निर्देशानुसार जारी शालेय खेल कैलेंडर के तहत इन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिताओं में कबड्डी, बास्केटबॉल, खो-खो और कराते की विभिन्न स्पर्धाएं शामिल हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कबड्डी में 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका, बास्केटबॉल में 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका तथा खो-खो में 14 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं हिस्सा लेंगे। वहीं, कराते प्रतियोगिता में 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से चयनित इन 149 खिलाड़ियों को जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी हरिशंकर पांडेय के नेतृत्व में संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन के लक्ष्य के साथ प्रतियोगिताओं में शामिल होंगे।
इन खेल स्पर्धाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने, खेल कौशल विकसित करने तथा संभाग स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
