नवरात्रि के पहले दिन मां चामुंडा और तुलजा भवानी के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब

देवास। शारदीय नवरात्रि के पहले दिन रविवार को मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी के दर्शन के लिए माता टेकरी पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही दर्शनार्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर तक जारी रहा। देवास सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंचे। मंदिर परिसर से लेकर टेकरी पहुंचने वाले मार्गों तक भक्तों की आवाजाही बनी रही। दोपहर में तेज गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कमी नहीं आई। कई श्रद्धालु नंगे पैर तो कुछ घुटनों के बल चलकर माता के दर्शन करने पहुंचे। पहले दिन मंदिरों में हुई भव्य आरती के दौरान भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

सुबह से ही माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगने लगी थीं। सुबह और शाम की आरती में भक्तों की संख्या अधिक रही। मंदिर परिसर में जय माता दी के जयकारे गूंजते रहे और पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते हुए माता के दर्शन के लिए आगे बढ़ते रहे। भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी। इसके चलते दर्शनार्थियों को रुक-रुककर आगे बढ़ना पड़ा। इसके बावजूद भक्तों का उत्साह बना रहा और लोग माता के दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए।

विधायक गायत्री राजे पवार ने किया पूजन-अर्चन

नवरात्रि के पहले दिन विधायक गायत्री राजे पवार भी माता टेकरी पहुंचीं और मां चामुंडा के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया। उन्होंने सभी के सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। नवरात्रि पर्व को देखते हुए मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का लगातार आगमन हो रहा है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, नवरात्रि के दौरान माता मंदिरों के पट 24 घंटे खुले रहेंगे, जिससे श्रद्धालु दिन-रात माता के दर्शन कर सकेंगे। कलेक्टर ऋतुराजसिंह ने भी दर्शन व पूजन-अर्चन किया।

टेकरी के मार्गों पर दिनभर रही चहल-पहल

माता टेकरी जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। शहर के विभिन्न क्षेत्रों के साथ दूसरे जिलों से भी भक्त दर्शन के लिए पहुंचे। परिवारों के साथ आए श्रद्धालुओं में भी विशेष उत्साह दिखाई दिया। कई भक्तों ने नंगे पैर पैदल यात्रा कर माता के दरबार तक पहुंचकर पूजा-अर्चना की। नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही शहर में धार्मिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और मंदिरों के आसपास भक्तिमय माहौल दिखाई देने लगा है।

एबी रोड पर भंडारों में फरियाली प्रसादी का वितरण

नवरात्रि के पहले दिन एबी रोड पर जगह-जगह भंडारों का संचालन भी शुरू हो गया। यहां से गुजरने वाले श्रद्धालुओं को फरियाली खिचड़ी और विभिन्न प्रकार के फल वितरित किए जा रहे हैं। भंडारों में सेवा देने के लिए श्रद्धालु और आयोजक तत्पर दिखाई दे रहे हैं। माता के दर्शन के लिए आने-जाने वाले भक्त यहां प्रसादी ग्रहण कर रहे हैं। नवरात्रि के पहले दिन माता टेकरी पर उमड़ी भीड़, मंदिरों में आरती और शहर में शुरू हुए सेवा कार्यों के चलते देवास में धार्मिक उत्साह का माहौल रहा।

Next Post

दुर्गोत्सव: संवेदनशील मार्ग पर निकला पैदल फ्लैग मार्च

Sun Oct 11 , 2026
जबलपुर। दुर्गोत्सव पर्व पर साम्प्रदायिक सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के मद्देनजर संवेदनशील मार्ग पर पैदल फ्लैग मार्च निकला। फ्लैग मार्च पुलिस कन्ट्रोलरूम से प्रारम्भ होकर घंटाघर, बड़ी ओमती, भरतीपुर, गलगला, फूटाताल, सराफा चौक, कोतवाली थाने के सामने से मिलौनीगंज, मछली मार्केट, नालबंद मोहल्ला, बूढी खेरमाई, चार खम्बा, बेनी […]

You May Like

Play sound