अमेरिका, इजरायल ने उन लोगों को मार दिया जो ईरान में परमाणु कार्यक्रम को रोक रहे थेः जो केंट

वाशिंगटन, 20 मार्च (वार्ता) अमेरिका के नेशनल काउंटरटेररिज़्म सेंटर के पूर्व निदेशक जो केंट ने अमेरिका और इजरायल पर उन प्रमुख ईरानी हस्तियों को खत्म करने का आरोप लगाया है जो ईरान के परमाणु कार्यक्रम को रोक रहे थे, जिनमें सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई भी शामिल हैं।

अमेरिकी पत्रकार स्कॉट हॉर्टन की ओर से गुरुवार को आयोजित एक यूट्यूब पॉडकास्ट में श्री केंट ने कहा, “सर्वोच्च नेता को मारना, मुझे लगता है, दोहरी गलती थी। मेरा मतलब है कि मूल रूप से इसने उस व्यक्ति को मार दिया जो परमाणु कार्यक्रम को रोक रहा था।”

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल के हमले में मारे गए थे।

श्री केंट ने तर्क दिया कि अब यदि ईरान के पास वास्तव में परमाणु बम बनाने के लिए आवश्यक परमाणु सामग्री है, तो वह इसे बना सकता है, क्योंकि ‘हमने उस एक अंकुश लगाने वाले को मार दिया है।’ उन्होंने कहा, “वास्तव में हमने अंकुश लगाने वाले कई लोगों को मार डाला। मैं ‘हम’ कहता हूं। मेरा मतलब है, इजरायल और अमेरिका में हम सभी को इसके लिए दोषी ठहराया जाएगा।”

उन्होंने ईरान के खिलाफ अमेरिकी अभियान के साथ अपनी असहमति जताते हुए मंगलवार को अपने पद से अपने इस्तीफे दे दिया था। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ इजरायली अधिकारियों द्वारा चलाए गए एक दुष्प्रचार अभियान के माध्यम से अमेरिका को ईरान के भीतर संघर्ष में घसीटा गया था।

अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया था। इसके जवाब में ईरान ने भी इजरायली क्षेत्र और पश्चिमी एशिया में अमेरिकी सैन्य सुविधाओं पर हमला करना शुरू कर दिया था।

 

 

Next Post

इजरायल ने दक्षिणी पार्स क्षेत्र पर अकेले कार्रवाई की, अमेरिका की इसमें भागिदारी नहींः नेतन्याहू

Fri Mar 20 , 2026
तेल अवीव, 20 मार्च (वार्ता) ईरान के दक्षिणी पार्स गैस क्षेत्र पर इजरायल के हमले से पहले इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बातचीत की थी या नहीं, इसे लेकर परस्पर विरोधी बयानों के बीच श्री नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल ने स्वतंत्र रूप से […]

You May Like