नरसिंहपुर: जिले में आज प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 45 करोड़ 18 लाख रुपए की लागत से निर्मित सांदीपनि स्कूल भवन एवं विद्यार्थियों के लिए बस सेवा का लोकार्पण किया। इन बसों से गरीब और दूर के गांवों के बच्चों को स्कूल आने-जाने में कोई परेशानी नहीं होगी।सीएम का मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल एवं राव उदय प्रताप ने हेलीपैड पर स्वागत किया, हालांकि प्रहलाद पटेल वहीं से वापस लौट गए।
सीएम ने सांदीपनि स्कूल भवन के साथ ही जिले में 175.14 करोड़ रुपए के 31 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 की फीस प्रतिपूर्ति के लिए प्रदेश के 20 हजार 456 निजी स्कूलों को 502 करोड़ रुपए की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित भी किया।सांदीपनि विद्यालय का नया भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। इसमें एक साथ 2400 विद्यार्थियों के अध्ययन की व्यवस्था है। विद्यालय शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
