अमेरिका-सऊदी अरब के बीच हुआ नागरिक परमाणु समझौता तभी लागू होगा, जब सऊदी अरब ‘अब्राहम समझौते’ में शामिल होगा: ट्रंप

वाशिंगटन, 23 जुलाई (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका और सऊदी अरब के बीच हुआ नागरिक परमाणु समझौता तभी लागू होगा, जब सऊदी अरब ‘अब्राहम समझौते’ में शामिल होगा।

श्री ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि यह समझौता पूरी तरह से असैन्य इस्तेमाल के लिए है और इसमें परमाणु सामग्री के संवर्धन की इजाज़त नहीं होगी। उन्होंने साफ किया कि इस डील की अंतिम मंज़ूरी सऊदी अरब द्वारा अब्राहम समझौते में शामिल होने पर ही टिकी है।

अमेरिकी ऊर्जा विभाग के अनुसार, इस ‘शांतिपूर्ण परमाणु सहयोग समझौते’ से अमेरिकी कंपनियों को सऊदी अरब के परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम में काम करने का बड़ा मौका मिलेगा। विशेषज्ञों ने इस समझौते से पश्चिमी एशिया में परमाणु हथियारों के प्रसार का खतरा जताया था, लेकिन श्री ट्रंप के बयान ने यूरेनियम संवर्धन की बात को खारिज कर दिया है।

साल 2020 में श्री ट्रंप की पहल पर शुरू हुए ‘अब्राहम समझौते’ के तहत संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, सूडान, मोरक्को और कज़ाकिस्तान पहले ही इज़रायल के साथ अपने कूटनीतिक रिश्ते बहाल कर चुके हैं।

सऊदी अरब की तरफ से फिलहाल श्री ट्रंप के इस बयान पर कोई जवाब नहीं आया है। सऊदी अरब और उसके क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान का रुख हमेशा से यही रहा है कि वह एक स्वतंत्र फिलिस्तीनी देश बनने से पहले इज़रायल को मान्यता नहीं देंगे।

अब इस परमाणु समझौते को अमेरिकी संसद में समीक्षा के लिए भेजा जाएगा। संसद के दोनों सदनों में रिपब्लिक पार्टी का बहुमत होने के कारण इस समझौते के आसानी से स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।

 

Next Post

जिले में नशा मुक्ति पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन हुआ

Thu Jul 23 , 2026
धार,  धार जिले में संचालित नशा मुक्ति पखवाड़े के अंतर्गत आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने हेतु विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए जा रहे है। कार्यक्रमों में नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी दी जा रही […]

You May Like