कीव, 10 अक्टूबर (वार्ता) यूक्रेनी शहर ज़ापोरिज़िया में शनिवार तड़के हुए रूसी हवाई हमलों में तीन बच्चों सहित कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए।
यूक्रेन के राज्य आपातकालीन सेवा और पुलिस के अनुसार, रूसी सेना ने आवासीय क्षेत्रों को निशाना बनाते हुए पांच गाइडेड हवाई बम दागे, जिनमें से दो बम सीधे बहुमंजिला रिहायशी इमारतों पर गिरे। हमलों के कारण तीन मंजिला इमारत का एक हिस्सा पूरी तरह से तबाह हो गया, जबकि कई अन्य इमारतों और निजी मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है
इसके अलावा यूक्रेनी वायु सेना ने दावा किया है कि उसने रात भर में 117 दुश्मन ड्रोन को हवा में ही मार गिराया या निष्क्रिय कर दिया। साथ ही यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदीमीर ज़ेलेंस्की,ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रूसी डीजल समझौते पर नाराजगी जाहिर की।
उल्लेखनीय हे कि श्री ट्रंप ने शुक्रवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक सफल बातचीत का हवाला देते हुए घोषणा की थी कि रूस तुरंत अमरीकी और वैश्विक बाजार के लिए तीन लाख टन से अधिक डीजल ईंधन की आपूर्ति करेगा।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि श्री पुतिन को ऐसे तोहफे देने से सभ्य दुनिया में शांति नहीं आएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि रूस को पेट्रोलियम उत्पादों को बेचने की अनुमति देना उस युद्ध में निवेश करने जैसा है जिसे खत्म किया जाना चाहिए, न कि लंबा खींचना चाहिए। श्री ज़ेलेंस्की ने जोर देकर कहा कि रूस के साथ बराबरी के आधार पर वास्तविक युद्ध-विराम और तनाव कम करने की सख्त जरूरत है।

