इंदौर: एमओजी लाइंस में पुराने पेड़ों की कटाई के विरोध में गुरुवार को रहवासियों और पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. मौन धरना देने के साथ मानव श्रृंखला बनाई और रैली निकालकर पेड़ों को बचाने की मांग की। रहवासियों ने चेतावनी दी कि कटाई नहीं रुकी तो चिपको आंदोलन किया जाएगा.प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इन पेड़ों को स्थानीय लोगों ने वर्षों तक देखभाल कर बड़ा किया है. ऐसे में जमीन दूसरी कंपनी को सौंपने के नाम पर हरित क्षेत्र को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है.
उन्होंने सवाल उठाया कि पेड़ों की कटाई की अनुमति किसने दी, क्या इसके लिए टेंडर जारी हुआ है और कितने पेड़ काटे जाने प्रस्तावित हैं. रहवासियों ने कहा कि बढ़ती गर्मी के बीच पुराने पेड़ों की कटाई पर्यावरण के लिए चिंता का विषय है. उन्होंने प्रशासन से कटाई रोकने, अनुमति संबंधी दस्तावेज सार्वजनिक करने और पेड़ों को बचाने के विकल्प तलाशने की मांग की। इस संबंध में प्रशासन को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया. प्रदर्शन में एमओजी लाइंस के रहवासी, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और पर्यावरण कार्यकर्ता शामिल हुए
