जबलपुर:पितृपक्ष में दिवंगत आत्मीयजनों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने की परंपरा को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट बार एसोसिएशन ने सेवा और करुणा के अनूठे प्रयास से साकार किया। हाई कोर्ट परिसर में ऊंचे पेड़ पर चीनी मांझे में फंसे पक्षियों को वन विभाग की मदद से सुरक्षित निकालकर जीवनदान दिया गया। इस संवेदनशील पहल को दिवंगत जिला बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता साथी सचिन गुप्ता के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि के रूप में समर्पित किया गया। हाई कोर्ट परिसर में एक ऊंचे पेड़ पर चीनी मांझे में फंसे प्रवासी पक्षी को छटपटाते देखकर अधिवक्ता आशीष कुमार तिवारी ने बार एसोसिएशन के सचिव असीम त्रिवेदी से संपर्क किया।
इसके बाद हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने वन विभाग से मदद मांगी। वन विभाग के शनि अहिरवार और उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और पक्षी को सुरक्षित निकाल लिया। इसी तरह चीनी मांझे में फंसे दो अन्य पक्षियों को भी बचाया गया। हालांकि, एक पक्षी को बचाने के लिए टीम के पहुंचने तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सचिव असीम त्रिवेदी ने कहा कि यह प्रयास केवल पक्षियों को बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उस संवेदना को जीवित रखने का भी संदेश है, जो मनुष्य को दूसरे जीवों के दुख से जोड़ती है। किसी असहाय जीव के जीवन की रक्षा करना मानवीय करुणा का सच्चा परिचय है। हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मृगेंद्र सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्वास पलिया, उपाध्यक्ष सत्येंद्र ज्योतिषी, महिला उपाध्यक्ष अनुराधा तिवारी चौबे, सचिव असीम त्रिवेदी, सह सचिव रुपेश पटेल ने इस पहल के माध्यम से अपने दिवंगत साथी सचिन गुप्ता के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।
