ट्रंप के दूत मियामी में यूक्रेनी एवं यूरोपीय अधिकारियों के साथ युद्ध खत्म करने पर करेंगे चर्चा

वॉशिंगटन, 09 अक्टूबर (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर आज मियामी में यूक्रेन के वार्ताकारों और यूरोपीय अधिकारियों से मुलाकात करेंगे, जिसका उद्देश्य रूस-यूक्रेन युद्ध में शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए नए प्रस्तावों पर चर्चा करना है। यह जानकारी अमेरिकी एवं यूक्रेनी अधिकारियों ने दी।

ट्रंप प्रशासन अमेरिका में मध्यावधि चुनावों और यूक्रेन में कड़ाके की ठंड शुरू होने से पहले कूटनीतिक स्तर पर कोई बड़ी कामयाबी प्राप्त करना चाहता है। इस मामले में एक प्रस्ताव पर चर्चा हो रही है, जिसके तहत ऊर्जा से जुड़ी अवसंरचना और अनाज की ढुलाई पर हमलों को रोकने के लिए आंशिक युद्धविराम किया जा सकता है। यूक्रेन ने इस उपाय पर विचार करने की इच्छा व्यक्त की है, जबकि रूस ने इसमें कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखाई है।

अमेरिका के एक सूत्र ने कहा, “सभी लोग सर्दियों को लेकर घबराए हुए हैं। अगर युद्ध नहीं रुका, तो सर्दियां मुश्किल भरी होंगी। इसलिए, अमेरिका दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता करने और एक साझा प्रस्ताव तैयार करने की कोशिश कर रहा है।”

श्री विटकॉफ़ एवं श्री कुशनर ने सितंबर की शुरुआत में मास्को और कीव का दौरा किया था और तब से वे शांति की एक नई पहल पर दोनों पक्षों के साथ काम कर रहे हैं।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने गुरुवार को लिस्बन में एक संवाददाता सम्मेलन में इस संघर्ष को गतिरोध बताया। उन्होंने कहा कि वॉशिंगटन आने वाले महीनों में इसे और बढ़ने से रोकना चाहता है और युद्ध खत्म करने का कोई रास्ता खोजना चाहता है।

श्री विटकॉफ एवं श्री कुशनर ने गुरुवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाक़ात की। उन्होंने श्री ट्रंप के सामने अमेरिका का नया प्रस्ताव रखा और बातचीत से पहले उनकी राय जानी। यह बातचीत दो दिन तक चलने की उम्मीद है। एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि वित्त सचिव स्कॉट बेसेंट और उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक नीडहम भी इस बैठक में शामिल हुए।

उम्मीद है कि यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रपति के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ किरिलो बुदानोव, विदेशी ख़ुफ़िया विभाग के प्रमुख रुस्तम उमेरोव, राजनयिक सलाहकार सर्गेई किसलित्सिया और सांसद डेविड अराखामिया शामिल होंगे।

अमेरिका ने नाटो और यूरोपीय संघ के अधिकारियों के साथ-साथ ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों को भी आमंत्रित किया है। उम्मीद है कि बातचीत में यूक्रेन के लिए सुरक्षा गारंटी, युद्ध के बाद आर्थिक सुधार की योजना और संघर्ष के अन्य पहलुओं पर चर्चा होगी। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने गुरुवार को कहा कि कीव, वॉशिंगटन के साथ ऊर्जा और अनाज के मामले में युद्धविराम की संभावना पर बातचीत कर रहा है।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ” क्या व्यावहारिक या ज़्यादा व्यावहारिक हो सकता है, इस बारे में मैं अभी कुछ कहने की स्थिति में नहीं हूं। मैं ऐसा कुछ नहीं कहना चाहता जिसके बाद रूस, हमेशा की तरह, बदले की भावना से उसका उल्टा करे। इसलिए आइए इंतज़ार करें और देखें।”

कीव में संदेह के बावजूद, यूक्रेन के एक अधिकारी ने कहा कि अमेरिका के मध्यावधि चुनाव और प्रतिबंधों में ढील पाने में रूस की दिलचस्पी, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को किसी तरह के संघर्ष-विराम के लिए सहमत होने के लिए प्रेरित कर सकती है।

इस योजना की जानकारी रखने वाले एक सूत्र के अनुसार, श्री विटकॉफ एवं कुशनर राष्ट्रपति पुतिन के साथ आगे की बातचीत के लिए इस महीने के आखिर में मास्को जा सकते हैं।

 

Next Post

आईटी शेयरों में लिवाली, कच्चे तेल में नरमी से प्रमुख सूचकांक सवा फीसदी चढ़े

Fri Oct 9 , 2026
मुंबई, 09 अक्टूबर (वार्ता) आईटी कंपनियों में लिवाली और कच्चे तेल में नरमी से शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में अच्छी तेजी देखी गयी और प्रमुख सूचकांक सवा फीसदी ऊपर बंद हुए। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 879.09 अंक (1.23 प्रतिशत) की बढ़त में 72,472.33 अंक पर […]

You May Like