आईटी शेयरों में लिवाली, कच्चे तेल में नरमी से प्रमुख सूचकांक सवा फीसदी चढ़े

मुंबई, 09 अक्टूबर (वार्ता) आईटी कंपनियों में लिवाली और कच्चे तेल में नरमी से शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में अच्छी तेजी देखी गयी और प्रमुख सूचकांक सवा फीसदी ऊपर बंद हुए।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 879.09 अंक (1.23 प्रतिशत) की बढ़त में 72,472.33 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 288.65 अंक यानी 1.30 प्रतिशत की मजबूती के साथ 22,520.45 अंक पर पहुंच गया। पिछले कारोबारी दिवस पर बाजार में बड़ी गिरावट देखी गयी थी।

दूसरी तिमाही में टीसीएस के अच्छे वित्तीय परिणामों के बाद आईटी कंपनियों में तेजी रही है। साथ ही, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से भी घरेलू बाजार में निवेश धारणा मजबूत हुई। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा फिलहाल डेढ़ प्रतिशत टूटकर 103 डॉलर प्रति बैरल से नीचे है।

वृहत बाजारों में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.55 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.54 प्रतिशत की बढ़त में रहा।

बाजार की बढ़त में सबसे अधिक योगदान आईटी कंपनियों का रहा। निफ्टी आईटी सूचकांक 3.02 प्रतिशत चढ़ गया। एफएमसीजी समूह के सूचकांक में 2.20 प्रतिशत, ऑटो में 1.42, बैंकिंग में 1.36, वित्त में 1.33, मीडिया में 1.23, धातु में 1.10 स्वास्थ्य में 1.09 और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूह में एक प्रतिशत की तेजी रही। तेल एवं गैस समूह लाल निशान में बंद होने वाला अकेला सेक्टर रहा।

एनएसई में जिन 3,684 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,182 के शेयरों में तेजी और 1,391 में गिरावट रही। अन्य 111 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में 29 के शेयर हरे निशान में रहे। आईटीसी का शेयर 4.78 प्रतिशत और टीसीएस का 4.23 प्रतिशत की बढ़त में रहा। अच्छे तिमाही परिणाम और अंतरिम लाभांश की घोषणा के बाद टीसीएस में तेजी देखी गयी है। अडानी पोर्ट्स का शेयर 3.36 प्रतिशत और इंफोसिस का 3.01 प्रतिशत चढ़ा।

एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 2.84 फीसदी, एलएंडटी में 2.17, एचडीएफसी बैंक में 2.09 और अल्ट्राटेक सीमेंट में 2.05 प्रतिशत की तेजी रही। भारतीय स्टेट बैंक का शेयर 1.86 फीसदी, बजाज फिनसर्व का 1.73, पावरग्रिड का 1.67, मारुति सुजुकी का 1.54, टेक महिंद्रा का 1.43, ट्रेंट का 1.42, टाटा स्टील का 1.22 और हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.02 प्रतिशत मजबूत हुआ। टाइटन, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंडिगो, एनटीपीसी, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस, बीईएल और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर भी ऊपर रहे।

एशियाई बाजारों में एशिया में हांगकांग का हैंग सेंग 1.79 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.05 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। जापान का निक्केई 0.02 प्रतिशत टूट गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.32 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 1.10 प्रतिशत ऊपर रहा।

 

 

Next Post

रोशनी से जगमगाया होलकर स्टेडियम, भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले के लिए तैयार

Fri Oct 9 , 2026
इंदौर। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 11 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में होने वाले टी-20 क्रिकेट मुकाबले को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मैच से पहले स्टेडियम रोशनी से जगमगा उठा है। रात के अंधेरे में दूधिया रोशनी से नहाया स्टेडियम आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। […]

You May Like