
जबलपुर। युवाओं एवं छूट गए व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में जोडऩे मतदान केन्द्रों पर लगाये जा रहे तीन दिवसीय विशेष शिविर शुक्रवार 9 अक्टूबर को भी जारी रहेंगे। विशेष शिविरों के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने युवाओं में ज्यादा उत्साह देखा जा रहा है। शिविर में पिछले दो दिनों में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने फार्म-6 में प्राप्त हुए 1 हजार 769 आवेदनों में से पहली बार मतदाता बनने जा रहे 978 युवाओं के आवेदन शामिल हैं।
मतदाता सूची में नाम जोडऩे मतदान केन्द्रों पर लगाये जा रहे शिविरों का आज दूसरे दिन भी उपजिला निर्वाचन अधिकारी सहित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विंकी सिंहमारे ने बताया कि जिले के सभी 2 हजार 331 मतदान केन्द्रों पर लगाये जा रहे विशेष शिविरों में फार्म-6 भरवाकर ऐसे व्यक्तियों के
नाम मतदाता सूची में जोडऩे की कार्यवाही की जायेगी जो 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं अथवा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं। इसके साथ ही विशेष शिविरों में ऐसे व्यक्तियों जिनके नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल होने से छूट गये हों अथवा एसआईआर के बाद विलोपित हो गये हों वे भी फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवा सकते हैं।
