नयी दिल्ली, 08 अक्टूबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में गुरुवार को चीनी की औसत कीमत बढ़ गई। चीनी के साथ चावल और दालों के दाम भी बढ़े। गेहूं और खाद्य तेलों में नरमी रही।
मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत कीमत सात रुपये बढ़कर 5,115 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गई। गुड़ 5,903 रुपये प्रति क्विंटल पर लगभग स्थिर रहा। खुदरा बाजार में चीनी की औसत कीमत 15 पैसे बढ़कर 55.21 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 16 रुपये बढ़कर 4,234 रुपये प्रति क्विंटल हो गई। चावल के उलट गेहूं 15 रुपये सस्ता हुआ और 2,873 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे का भाव आठ रुपये टूट गया।
दाल-दलहनों में मसूर दाल की औसत कीमत 23 रुपये बढ़ गई। मूंग दाल 16 रुपये और तुअर दाल 13 रुपये महंगी हुई। चना दाल की कीमत आठ रुपये और उड़द दाल की चार रुपये प्रति क्विंटल ऊपर रही।
मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में आज पाम ऑयल का दिसंबर वायदा 35 रिंगिट चढ़कर 4,696 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। दिसंबर का अमेरिकी सोया तेल वायदा भी 0.78 प्रतिशत की गिरावट बढ़त में 68.21 सेंट प्रति पौंड बोला गया।
स्थानीय बाजारों में पाम ऑयल की औसत कीमत 24 रुपये और मूंगफली तेल की 23 रुपये प्रति क्विंटल गिर गई। सोया तेल और सरसों तेल 18-18 रुपये फिसल गए। सूरजमुखी तेल में 12 रुपये की गिरावट रही। वहीं वनस्पति के दाम तीन रुपये बढ़े।
