एयर इंडिया ने टाटा कम्युनिकेशन के साथ मिलकर पेश किया ‘ईजीरोम’, 190 देशों में मिलेगी रोमिंग सेवा

नयी दिल्ली, 08 अक्टूबर (वार्ता) टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया और संचार प्रौद्योगिकी कंपनी टाटा कम्युनिकेशंस ने गुरुवार को एयर इंडिया ब्रांडेड ट्रैवल सिम ‘ईजीरोम’ पेश करने की घोषणा की जो अंतरराष्ट्रीय रोमिंग सेवा देता है। एयर इंडिया ने इसे टाटा कम्युनिकेशंस के साथ मिलकर बनाया गया है। इसे एयर इंडिया के खास वेबपेज पर फिजिकल सिम और ई सिम दोनों के तौर पर खरीदा जा सकता है। यह एयर इंडिया के यात्रियों को विदेश यात्रा के दौरान रोमिंग पर वॉयस और डेटा सर्विस इस्तेमाल करने की सुविधा देता है।

दोनों कंपनियों की साझा प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि शुरुआती दौर में ‘ईजीरोम’ सिम निःशुल्क मिल रहा है, लेकिन रोमिंग पैक के लिए पैसे देने होंगे। रोमिंग पैक उत्तरी अमेरिका, यूरोप (ब्रिटेन सहित), ऑस्ट्रेलिया, एशिया प्रशांत और पश्चिम एशिया के 30 देशों के लिए उपलब्ध हैं। ये पैक 241 रुपये (कर अलग से) से शुरू होते हैं। इनकी कीमत यात्री जिस देश में जा रहे है और जिस प्लान का चयन कर रहा है उसके हिसाब से अलग-अलग हो सकती है।

डेटा प्लान खरीदने वाले ग्राहक एकजीबी तक अतिरिक्त मुफ्त डेटा भी पा सकते हैं। यह सुविधा मालदीव और मॉरीशस को छोड़कर बाकी सभी देशों में मिलेगी। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि ‘ईजीरोम’ सिम का कवरेज धीरे-धीरे बढ़ाकर 190 देशों तक करने की योजना है। एयर इंडिया के यात्री अपनी यात्रा की जरूरतों के हिसाब से किसी एक देश के लिए या दुनिया भर में काम आने वाले ट्रैवल प्लान चुन सकते हैं। इसमें सिर्फ़ डेटा या वॉयस और डेटा दोनों के विकल्प भी मिलते हैं।

टाटा कम्युनिकेशंस में कार्यकारी उपाध्यक्ष (इंटरेक्शन फैब्रिक) विवेक मांगलिक ने कहा कि आज के यात्री चाहते हैं कि उनका यात्रा का अनुभव आसान, त्वरित और सुरक्षित हो। एयर इंडिया के साथ मिलकर कंपनी बुकिंग के समय ही ट्रैवल कनेक्टिविटी की सुविधा दे रही है। इससे ग्राहक यात्रा शुरू करने से पहले ही अपना मोबाइल प्लान चुनकर एक्टिवेट कर सकते हैं और पहुंचते ही ऑनलाइन हो सकते हैं। दोनों कंपनियां साथ मिलकर इंटरनेशनल कनेक्टिविटी को आसान, अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बना रही हैं।

एयर इंडिया के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी निपुण अग्रवाल ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में लोगों के यात्रा करने के तरीके में बदलाव आया है। आज के यात्री अक्सर अलग-अलग देशों में रहते, काम करते और लोगों से मिलते-जुलते हैं। वे उन डिजिटल सेवाओं का बिना रुकावट इस्तेमाल करना चाहते हैं जो उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा हैं। ईजी इस जरूरत को पूरा करता है।

टाटा कम्युनिकेशंस की बड़ी वैश्विक मौजूदगी और 600 से अधिक मोबाइल नेटवर्क ऑपरेटरों के साथ साझेदारी की वजह से यात्री अच्छी गुणवत्ता वाली कनेक्टिविटी का फायदा उठा सकते हैं और अपनी मंजिल और यात्रा की जरूरतों के हिसाब से सबसे अच्छे मोबाइल प्लान चुन सकते हैं।

.....

Next Post

नाना पाटेकर का सिनेमा में दिया योगदान सदैव याद किया जाएगा : बिरला

Thu Oct 8 , 2026
नयी दिल्ली, 08 अक्टूबर (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मशहूर अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका सशक्त अभिनय और सिनेमा में दिया योगदान सदैव याद किया जाएगा। श्री बिरला ने गुरुवार को कहा, “प्रसिद्ध अभिनेता नाना पाटेकर जी के निधन का समाचार […]

You May Like