इंदौर:एरोड्रम थाना क्षेत्र के बिजासन माता मंदिर परिसर में मंगलवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई. मंदिर की सीढ़ियों के पास एक व्यक्ति का शव मिला, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे. मृतक की पहचान दीपक पुत्र मोहनलाल किरण निवासी सिद्धार्थ नगर के रूप में हुई है, जो लोडिंग ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था.
थाना प्रभारी वरुण सिंह भाटी ने बताया कि रात करीब 12 बजे सूचना मिली थी कि मंदिर के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति पड़ा है. मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि दीपक का शव खून से सना हुआ था और उसके पास ही सीमेंट का वजनी ब्लॉक पड़ा था. आशंका है कि इसी से सिर पर हमला कर उसकी हत्या की गई. घटनास्थल से दीपक का मोबाइल भी बरामद हुआ है. जांच में सामने आया कि दीपक रोजाना काम से लौटते समय मंदिर की सीढ़ियों पर रुककर दर्शन करता था और उसके बाद ही घर जाता था. मंगलवार रात भी वह मंदिर आया था, लेकिन इस बार वह घर नहीं लौट सका.
पत्नी ने जताई चिंता, रातभर बंद रहा मोबाइल
पुलिस ने जब परिवार से संपर्क किया तो पत्नी ने बताया कि दीपक आमतौर पर रात 10 बजे तक घर आ जाता था. लेकिन कल रात उसका फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा था, जिससे परिवार परेशान हो गया था. फिलहाल पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके. प्रारंभिक तौर पर इसे हत्या मानते हुए पुलिस जांच में जुटी है.
