
सिंगरौली । जनगणना 2027 के द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना कार्य के सुव्यवस्थित, सुचारू एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित प्रक्रिया, दायित्वों तथा तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी प्रदान कर कार्य का प्रभावी पर्यवेक्षण एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित करना है।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों द्वारा जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की कार्यप्रणाली, अधिकारियों के दायित्वों तथा गणना कार्य की निगरानी से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को जनगणना प्रबंधन एवं मॉनिटरिंग के लिए निर्धारित तकनीकी प्रणाली, मोबाइल एप्लीकेशन, डाटा की गुणवत्ता, कार्य की प्रगति की निगरानी तथा रिपोर्टिंग प्रक्रिया से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को जनगणना कार्य की प्रक्रिया एवं प्रशासनिक दायित्वों की जानकारी देकर आगामी कार्य के लिए तैयार किया जा रहा है। जनगणना प्रशिक्षण के दौरान अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर अमित सिंह बम्हरौलिया, एसडीएम सुरेश जाधव, डिप्टी कलेक्टर सौरभ मिश्रा सहित जिला एवं चार्ज अधिकारी मौजूद रहे।
