
सोनकच्छ। थाना क्षेत्र के ग्राम चौबाराजागीर में बुधवार को विद्युत कंपनी में कार्यरत एक आउटसोर्स कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान धर्मेंद्र पिता भीमसिंह सेंधव, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम चौबाराजागीर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम में विद्युत लाइन में तकनीकी खराबी आने के बाद धर्मेंद्र विद्युत ग्रिड पर कार्य करने के लिए परमिट लेकर चढ़े थे। ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने करीब 10 मिनट के लिए परमिट लिया था। इसी दौरान अचानक विद्युत प्रवाह शुरू होने से धर्मेंद्र करंट की चपेट में आ गए और नीचे गिर पड़े। घटना के बाद ग्रामीण एवं परिजन उन्हें तत्काल सोनकच्छ सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि जब कर्मचारी ने नियमानुसार परमिट लेकर विद्युत लाइन पर काम शुरू किया था, तो फिर बिजली आपूर्ति किसके आदेश पर और कैसे चालू हुई? ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
अधिकारियों से संपर्क पर कर्मचारी होने से किया इनकार-
घटना के बाद जनपद पंचायत अध्यक्ष सूरजसिंह ठाकुर ने विद्युत कंपनी के उच्च अधिकारियों से फोन पर संपर्क किया। ग्रामीणों के अनुसार अधिकारियों की ओर से कहा गया कि “वह हमारा कर्मचारी नहीं है”, जिसके बाद फोन काट दिया गया। इस जवाब को लेकर ग्रामीणों और परिजनों में नाराजगी और बढ़ गई।
पूर्व मंत्री वर्मा ने कलेक्टर से की चर्चा-
अधिकारियों से मिले जवाब से असंतुष्ट जनपद अध्यक्ष सूरजसिंह ठाकुर ने तत्काल पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पूर्व मंत्री वर्मा ने देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह से फोन पर चर्चा कर मामले से अवगत कराया। कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार नेहा शाह को तत्काल सोनकच्छ सिविल अस्पताल भेजा गया। इधर, सहायक प्रशिक्षण डीएसपी जतिन लाहोरिया एवं सोनकच्छ थाना प्रभारी विक्रांत झंझोट भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक के परिवार को उचित आर्थिक सहायता नहीं मिलने पर वे चक्काजाम करने के लिए मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
वर्जन-मामले की जांच करवा रहे हैं
कार्य के दौरान अचानक करंट कैसे आया, इसकी जांच करवा रहे हैं। जांच के बाद जो भी जिम्मेदार होगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी।- केतन रायपुरिया, अधीक्षण यंत्री, विविकं देवास
