श्रीनगर, 07 अक्टूबर (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों ने बुधवार को एक संयुक्त अभियान के दौरान आतंकवादियों के पांच सहयोगियों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुलगाम पुलिस ने सेना की 9 राष्ट्रीय राइफल्स और सीआरपीएफ की 18वीं बटालियन के साथ मिलकर सटीक गुप्त सूचना के आधार पर यह अभियान चलाया। संयुक्त टीम ने जिले के ख्रेवान चद्दर इलाके में घेराबंदी कर इन पांचों संदिग्धों को धर दबोचा। सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो पिस्तौल, तीन मैगजीन, 9 एमएम के 40 जीवंत कारतूस और तीन हथगोले बरामद किए हैं।
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान तजामुल हुसैन मीर (निवासी गुफबल), रहमत अली नायकू, तहरीम अहमद भट, मंजूर अहमद भट (तीनों निवासी ख्रेवान चद्दर) और किफायत अहमद डार (निवासी मल्टलहामा, कुलगाम) के रूप में हुई है।
पुलिस ने कुलगाम थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और क्षेत्र में आतंकवादियों के इस नेटवर्क तथा उनके मंसूबों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
