जिले में गूंजा विकसित भारत का संकल्प, निकली सेवा ज्योति यात्रा

मऊगंज,  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा ज्योति संकल्प यात्रा के तहत पीएम श्री शासकीय शाहिद केदारनाथ महाविद्यालय में विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया.

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की. इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश की जनता के नाम संबोधन का लाइव प्रसारण उपस्थित जनसमुदाय द्वारा देखा एवं सुना गया. प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता के विश्वास ने मुझे बड़े संकट में धैर्य रखने और कठिन परिस्थितियों में दिन-रात देश की सेवा करने की प्रेरणा दी है. इसी के कारण राष्ट्र की सामूहिक चेतना ने कोरोना जैसे कठिन काल का सामना किया. हमारा देश वैदिक काल से लेकर विवेकानंद जी तक वैचारिक यात्रा और सांस्कृतिक मूल्यों का वाहक रहा है. हमने पूरे विश्व को मानवता का पाठ पढ़ाया है. आज का दिन देश के विकास के संकल्पों को नई ऊर्जा देने का दिन है. देश को 2047 तक विकसित बनाने, विश्व की टॉप-3 इकोनॉमी बनाने, ओलंपिक खेलों के आयोजन, देश को ग्लोबल हब बनाने और चंद्रमा में भारतीय के कदम रखने के संकल्प का आज दिन है. अभी पूरी दुनिया में देश के एक पायलट की बहादुरी की चर्चा हो रही है. सेवा संकल्प सभा का वंदेमातरम के साथ शुभारंभ हुआ। समारोह में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने उपस्थितों को विकसित भारत संकल्प की शपथ दिलाई। सेवा संकल्प सभा के उपरांत कार्यक्रम स्थल सेवा संकल्प ज्योति को रथ में स्थापित कर शहर के विभिन्न मार्गो में भ्रमण कराया गया. इस अवसर पर मऊगंज जिले की विकास पुस्तिका का जनप्रतिनिधियो एवं आम जनों के बीच वितरण किया गया. इस अवसर पर विधायक देवतालाब गिरीश गौतम, विधायक मऊगंज प्रदीप पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ राजेंद्र मिश्रा,कलेक्टर संजय कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन,मऊगंज जनपद अध्यक्ष नीलम सिंह इंद्रपाल सिंह, मऊगंज नगर परिषद अध्यक्ष बृजवासी पटेल, नईगढ़ी नगर परिषद अध्यक्ष नागिता गुप्ता, सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे.

Next Post

बच्चों के पोषण और संस्कार से बनेगा सशक्त समाज: विधायक

Wed Oct 7 , 2026
मऊगंज, सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पंचायत दादर पश्चिम एवं माजन मानिकराम में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया. मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल ने कार्यक्रम में सहभागिता कर आंगनवाड़ी केंद्रों की गतिविधियों का जायजा लिया तथा बच्चों और माताओं से संवाद किया. विधायक श्री पटेल ने कहा कि […]

You May Like