
नयी दिल्ली, 07 अक्टूबर (वार्ता) भारत ने पिछले दो दिनों में काला सागर में वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि सभी संघर्षों का समाधान बातचीत और कूटनीति से होना चाहिए ।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को यहां मीडिया ब्रीफिंग में इन हमलों के बारे में पूछे गये सवालों के जवाब में कहा कि पिछले दो दिन से भी कम समय में चार वाणिज्यिक जहाजों पर हमले किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि ये सभी जहाज विदेशी ध्वज वाले थे लेकिन इनमें से तीन पर भारतीय नाविक सवार थे। उन्होंने कहा कि इन जहाजों पर कुल 33 भारतीय नाविक सवार थे। ये सभी सुरक्षित हैं लेकिन इनमें से दो भारतीय नाविक घायल हुए हैं और इनका संबंधित देशों में उपचार किया जा रहा है। इन देशों में भारतीय दूतावास घायलों को समुचित सहायता प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि चौथे जहाज पर सवार लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रवक्ता ने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों पर हमले बंद होने चाहिए और टकरावों का समाधान बातचीत तथा कूटनीति से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत शुरू से ही मुक्त और अंतर्राष्ट्रीय नियमों पर आधारित समुद्री नौवहन का पक्षधर रहा है। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य और काला सागर दोनों क्षेत्रों में वाणिज्यिक जहाजों पर हमले की घटनाओं में भारतीय नाविकों की मौत हुई है लेकिन इनकी संख्या के बारे में उनके पास अभी जानकारी नहीं है।
