
भोपाल। पिपलानी थाना क्षेत्र में मानसिक विक्षिप्त बेटी की कैद से बाहर आई बुजुर्ग महिला का हमीदिया अस्पताल में इलाज जारी है. 65 वर्षीय बुजुर्ग पिछले दो सालों से अधिक समय तक अपने ही घर में कैद रही. समाज सेवी संगठन के प्रयास से मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची और बुजुर्ग बंधन से आजाद हो सकी.
मिली जानकारी के अनुसार कल्पना नगर निवासी बुजुर्ग महिला राधाबाई सैनी को उनकी ही मानसिक बीमार बेटी मीनाक्षी सैनी ने बंधक बनाकर रखा था. बताया गया कि मीनाक्षी ने अपनी मां के साथ घर कई बार झूमाझटकी भी की. गुस्से में कई बार उसने अपनी मां को शारीरिक चोट भी पहुंचाई. कोई भी इलाज नहीं होने से बुजुर्ग चलने में भी असमर्थ हो गई. स्थानीय लोगों से मामले की जानकारी समाज सेवी संगठन को मिली. संगठन ने बुजुर्ग को बचाने का प्रयास करते हुए पुलिस की सहायता से उन्हें बचाया. बुजुर्ग महिला का स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के चलते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. लोगों ने बताया कि बुजुर्ग राधाबाई को घर से बाहर निकालने के लिए जब पुलिस को कोशिश कर रही थी. इस दौरान मीनाक्षी पुलिस से भी उलझती रही. मीनाक्षी का एक भाई भी है वह भी मानसिक रोगी बताया जा रहा है. वह भी भीख मांग कर अपना पेट भरता है.
