मुंबई, 06 अक्टूबर (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में मंगलवार को उतार-चढ़ाव के बाद रुपया अंत में स्थिर बंद हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 96.36 रुपये का बोला गया।
भारतीय मुद्रा इससे पहले लगातार दो कारोबारी दिवस पर 41 पैसे टूटी थी। सोमवार को यह 11 पैसे की गिरावट में 10 सप्ताह से अधिक के निचले स्तर 96.36 रुपये प्रति डॉलर पर रही थी।
रुपया आज छह पैसे की मजबूती के साथ 06.30 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और यही इसका दिन का उच्चतम स्तर रहा। दोपहर तक यह 96.45 रुपये प्रति डॉलर तक टूट गया था। अंत में 96.36 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
एक तरफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डॉलर और कच्चे तेल में गिरावट से भारतीय मुद्रा को समर्थन मिला तो दूसरी ओर विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की भारतीय पूंजी बाजार में बिकवाली से इस पर दबाव रहा।
कच्चे तेल का मानक लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा आज सवा दो फीसदी टूटकर 98 डॉलर प्रति बैरल रह गया। दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक में भी 0.2 प्रतिशत की गिरावट रही।
भारतीय पूंजी बाजार में एफपीआई ने आज 39.72 करोड़ डॉलर की बिकवाली की।
