पेरिस, 06 अक्टूबर (स्पुतनिक/वार्ता) फ्रांस में हाई स्कूल के छात्रों के बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन के दौरान 1,000 से ज़्यादा लोग घायल हो गए। ‘ले फिगारो’ अखबार ने अधिकारियों के हवाले से सोमवार को यह जानकारी दी।
रिपोर्ट के अनुसार, 715 पुलिस अधिकारी और जेंडरम (विशेष पुलिस बल), साथ ही 215 छात्र और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े 85 कर्मचारी घायल हुए।
फ्रांस में हाई स्कूल के छात्र सितंबर के मध्य से ही पढ़ाई के भारी बोझ, शिक्षकों की कमी और शिक्षा से जुड़ी अन्य समस्याओं के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। कुछ मामलों में, ये विरोध-प्रदर्शन अशांति में बदल गए।
पुलिस की कार्रवाई को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच, मंगलवार को देश भर में समर्थन रैलियों में हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
फ्रांसीसी प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने देशव्यापी छात्र विरोध-प्रदर्शनों को शांत करने की कोशिश में हड़ताल कर रहे स्कूली छात्रों की शिकायतों को “जायज” माना है। ‘द गार्डियन’ की रिपोर्ट के अनुसार, सरकार ने मंत्रियों को छात्रों की पांच प्रमुख मांगों से निपटने के लिए अक्टूबर 2026 के अंत तक प्रस्तावों की समीक्षा करने और उन्हें पेश करने का आदेश दिया है।
