ग्वालियर: पड़ाव थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े नाश्ता दुकान संचालक को गोली मारने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाइक सवार बदमाशों ने थाने के सामने ही व्यापारी पर फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पड़ाव थाना पुलिस सक्रिय हुई और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार दबिश और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को धर दबोचा।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि वारदात के पीछे किसी लड़की से जुड़ा आपसी विवाद था। पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त हथियार और बाइक भी बरामद की है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस तीनों आरोपियों को लेकर घटनास्थल पर पहुंची और मुआयना कराया ताकि वारदात की कड़ियों को जोड़ा जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
