जबलपुर: तहसील स्थित अधिवक्ता भवन में रविवार को अधिवक्ता फोरम पनागर की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में फोरम के आगामी चुनाव, सदस्यता शुल्क सहित अधिवक्ताओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। चुनाव की तैयारियों को लेकर रूपरेखा तय करने के साथ ही सदस्यों से बकाया सदस्यता शुल्क शीघ्र जमा करने की अपील की गई, ताकि चुनाव संबंधी प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।बैठक में पनागर तहसीलदार नीरज तखरिया के कथित रूखे और असहयोगात्मक व्यवहार को लेकर अधिवक्ताओं ने नाराजगी जताई।
अधिवक्ताओं ने कहा कि तहसीलदार के रवैये से वकीलों के साथ पक्षकारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले को लेकर बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिला अधिवक्ता संघ जबलपुर और हाईकोर्ट अधिवक्ता संघ के संयुक्त मार्गदर्शन में जबलपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तहसीलदार के व्यवहार की शिकायत की जाएगी और उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी। बैठक में फोरम के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
