साकट्या पंचायत उपचुनाव में लक्ष्मीनारायण पटेल निर्वाचित हुए सरपंच

खातेगांव। जिले की खातेगांव जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत साकट्या के सरपंच पद के लिए हुए उपचुनाव के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई मतगणना में प्रत्याशी लक्ष्मीनारायण लच्छू पटेल को आधिकारिक रूप से विजयी घोषित किया गया है। उन्होंने अपने एकमात्र प्रतिद्वंद्वी रामनिवास जगदीश जाट को 517 मतों के स्पष्ट अंतर से करारी शिकस्त दी।

इस उपचुनाव में साकट्या पंचायत के अंतर्गत आने वाले तीनों प्रमुख गांवों साकट्या, नयापुरा और बरछा के मतदाताओं ने नवनिर्वाचित सरपंच के पक्ष में भारी संख्या में मतदान किया। कुल बनाए गए सभी 5 मतदान केंद्रों पर लक्ष्मीनारायण पटेल ने शुरुआती दौर से ही बढ़त बनाए रखी, जो मतगणना के आखिरी दौर तक कायम रही। उनके प्रतिद्वंद्वी रामनिवास जाट किसी भी बूथ पर बढ़त हासिल करने में नाकाम रहे।

78.66 प्रतिशत मतदान के बाद आए नतीजे-

उल्लेखनीय है कि पूर्व सरपंच जगदीश जाट के असामयिक निधन के चलते यह सीट रिक्त हुई थी। इसके बाद 29 सितंबर को इस पंचायत में त्रिकोणीय या बहुकोणीय मुकाबले के बजाय दोनों प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला हुआ था। चुनाव में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल पंजीकृत 2,671 मतदाताओं में से 2,101 मतदाताओं ने ईवीएम के माध्यम से अपने मताधिकार का प्रयोग किया था, जिससे कुल 78.66 प्रतिशत शांतिपूर्ण मतदान दर्ज किया गया था।

नयापुरा से 218, साकट्या से 129, बरछा से 170 की बढ़त-

लक्ष्मीनारायण पटेल को साकट्या मतदान केंद्र 123 पर 227, मतदान केंद्र 124 पर 211, बरछा खुर्द मतदान केंद्र क्रमांक 127 पर 337, नयापुरा मतदान केंद्र क्रमांक 125 पर 268, मतदान केंद्र क्रमांक 126 पर 253 इस प्रकार कुल 1296 मत प्राप्त हुए। वही रामनिवास जगदीश जाट को साकट्या मतदान केंद्र 123 पर 118, मतदान केंद्र 124 पर 191, बरछा खुर्द मतदान केंद्र क्रमांक 127 पर 167, नयापुरा मतदान केंद्र क्रमांक 125 पर 145, मतदान केंद्र क्रमांक 126 पर 158 इस प्रकार कुल 779 मत प्राप्त हुए। वही ग्राम पंचायत साकट्या के सभी मतदान केंद्रों पर 26 वोट नोटा में भी डाले गए।

विकास का संकल्प दोहराया- 

जीत की घोषणा के बाद जनपद मुख्यालय और साकट्या क्षेत्र में पटेल के समर्थकों ने ढोल-ताशों और आतिशबाजी के साथ विजय जुलूस निकाला। इस अवसर पर नवनिर्वाचित सरपंच पटेल ने क्षेत्र की जनता का आभार जताते हुए कहा कि वे बिना किसी भेदभाव के पंचायत के तीनों गांवों में विकास कार्यों को गति देंगे और ग्रामीणों की बुनियादी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करेंगे।

Next Post

मयार नदी में गिरी स्कॉर्पियों वाहन

Sat Oct 3 , 2026
सिंगरौली । सासन गांव से बैढ़न आ रही एक स्कॉर्पियों वाहन बेकाबू होकर मयार नदी में गिर गई, जहां वाहन में सवार पॉच लोग डूबने से बाल-बाल बच गये। सीआईएसएफ एवं कोतवाली पुलिस कर्मी देवदूत बनकर पहुंचे। हालांकि इस घटना में सभी को चोटे आई, जिनका उपचार जिला चिकित्सालय सह […]

You May Like