विशेष विमान से नीमच पहुंचे आचार्य कैलाशानंद गिरी जी महाराज, भव्य स्वागत, अभिनेता रजत बेदी समेत देशभर की हस्तियां पहुंचीं

नीमच। आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी जी महाराज के नीमच आगमन के साथ ही शहर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। शुक्रवार को वे विशेष विमान से नीमच पहुंचे, जहां समाजसेवी संतोष चौपड़ा, आयोजन समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।

हवाई पट्टी से स्वामी कैलाशानंद गिरी जी महाराज की भव्य अभिनंदन यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए संतोष चौपड़ा के निवास तक पहुंची। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर संत समाज का स्वागत किया गया और श्रद्धालुओं ने जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया।

आज टाउन हॉल में गूंजेंगे दिव्य प्रवचन

आयोजन समिति के अनुसार 11 जुलाई को प्रात: 11:15 बजे से दोपहर 2:15 बजे तक दशहरा मैदान स्थित टाउन हॉल में विशाल धर्मसभा आयोजित होगी। धर्मसभा में आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी जी महाराज श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जीवन, सनातन संस्कृति और मानव कल्याण पर आधारित दिव्य प्रवचनों से मार्गदर्शन देंगे।

देशभर की नामी हस्तियों का आगमन शुरू

इस भव्य आयोजन में शामिल होने के लिए देशभर से संत-महात्मा, उद्योगपति, समाजसेवी और फिल्म जगत की हस्तियां भी नीमच पहुंचने लगी हैं। शुक्रवार को विशेष विमान से बॉलीवुड अभिनेता रजत बेदी, उद्योगपति प्रणव देसाई, जूही देसाई, महेश धरशिवकर, संयुक्त अरब अमीरात से मोहम्मद रिजाज अब्दुला तथा मुंबई से गोपाल दुबे नीमच पहुंचे। हवाई पट्टी पर सभी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।

समाजसेवी संतोष चौपड़ा ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर अभिनंदन किया। इस अवसर पर आदित्य मालू, भूपेंद्र चौधरी, पंकज लसोड़, पुष्पेंद्र सिंह, अशोक बागड़ी सहित अनेक समाजसेवी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

जनप्रतिनिधियों ने भी लिया आशीर्वाद

नीमच हवाई पट्टी पर गरोठ विधायक चंदर सिंह सिसोदिया, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा, मंडी व्यापारी संघ अध्यक्ष राकेश भारद्वाज, समाजसेवी अशोक अरोड़ा गंगानगर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं धर्मप्रेमी उपस्थित रहे और आचार्य श्री का आशीर्वाद प्राप्त किया।

भक्तिमय हुआ शहर, तैयारियां अंतिम चरण में

धर्मसभा को लेकर पूरे शहर में विशेष सजावट की गई है। प्रमुख मार्गों पर स्वागत द्वार बनाए गए हैं तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। आयोजन समिति के अनुसार इस धार्मिक आयोजन में देशभर से संत-महात्मा, उद्योगपति, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं होगा, बल्कि नीमच की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान को भी राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान प्रदान करेगा।

Next Post

सीधी के विकास का सशक्त रोडमैप तैयार किया जाएगा : दिलीप 

Fri Jul 10 , 2026
सीधी । मध्यप्रदेश शासन के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग तथा जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के समग्र, समावेशी एवं दीर्घकालीन विकास को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया तथा […]

You May Like