फ्लाईदुबई के सह-पायलट का नाम हमाम अल-हमामी, कुल्हाड़ी से किया था हमला: मीडिया रिपोर्ट

दुबई, 03 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर कथित तौर पर चाकू से हमला करने और 30 सितंबर को दुबई-तेल अवीव उड़ान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश करने वाले फ्लाईदुबई के सह-पायलट की पहचान ओमान के नागरिक हमाम अल-हमामी के रूप में हुई है अमेरिकी मीडिया की एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की रिपोर्ट के अनुसार, “कथित हमलावर ओमानी नागरिक हमाम अल-हमामी है।” रिपोर्ट में कहा गया है कि अल-हमामी के पिता ओमान के हैं और उसकी मां सीरिया मूल की हैं। रिपोर्ट के अनुसार, ओमानी अधिकारियों ने उसके कथित कट्टरपंथी वैचारिक विचारों को लेकर पहले उसे विमान उड़ाने से रोक दिया था। बाद में उसे संयुक्त अरब अमीरात स्थित एयरलाइन फ्लाईदुबई में नियुक्त किया गया। यह हालांकि तत्काल स्पष्ट नहीं है कि यूएई में नियुक्ति के समय उसकी किस स्तर की जांच की गयी थी।

‘अल अरबिया’ ने एक सूत्र के हवाले से बताया कि ओमानी अधिकारियों ने सह-पायलट के कट्टरपंथी विचारों की पुष्टि की थी। प्रसारक के अनुसार, उसने सीरिया में भी कुछ समय बिताया था, जिससे आशंका जतायी गयी कि वह वहां सक्रिय कट्टरपंथी समूहों से प्रभावित हुआ हो सकता है। ‘एबीसी न्यूज’ ने जांच से परिचित वरिष्ठ खुफिया और कानून प्रवर्तन अधिकारियों के हवाले से कहा कि सह-पायलट के प्रशिक्षु रहने के दौरान उसके पास कथित तौर पर कट्टरपंथी सामग्री पायी गयी थी। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि संदिग्ध ‘इस्लामी कट्टरपंथी विचारधारा की ओर उन्मुख’ हुआ था और उसने विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की थी।

फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 में सवार यात्रियों और चालक दल ने सह-पायलट को काबू कर लिया था। आरोप है कि सह-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला किया और विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने का प्रयास किया। विमान में 174 लोग सवार थे और घटना के दौरान विमान 30 सेकंड से भी कम समय में करीब 14,000 फुट नीचे आ गया था। उड़ान के सऊदी अरब के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र स्थित तबुक हवाईअड्डे पर उतरने के बाद सऊदी अधिकारियों ने सह-पायलट को हिरासत में ले लिया था। सूत्र के अनुसार, एक अक्टूबर को उसे संयुक्त अरब अमीरात भेज दिया गया, जहां इजरायली अधिकारियों द्वारा उससे पूछताछ किये जाने की संभावना थी।

इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात के अटॉर्नी जनरल हमद सैफ अल शम्सी ने सरकारी समाचार एजेंसी डब्ल्यूएएम के अनुसार कहा कि बुधवार की फ्लाईदुबई उड़ान 1073 में हुई घटना की जांच में सामने आया है कि ओमानी सह-पायलट ने कॉकपिट में रखी आपातकालीन कुल्हाड़ी से भारतीय कैप्टन पर हमला किया था और इसे ‘आतंकवादी कृत्य’ माना जा रहा है। विमानों के कॉकपिट में आमतौर पर आपातकालीन कुल्हाड़ी रखना अनिवार्य होता है, जिसका इस्तेमाल आपात स्थिति में खिड़की तोड़कर बाहर निकलने या आग लगने की स्थिति में किसी पैनल को खोलने के लिए किया जा सकता है।

अल शम्सी ने कहा कि घटना की परिस्थितियों, हमले के मकसद और किसी संभावित संबंधित संपर्क का पता लगाने के साथ-साथ भौतिक एवं डिजिटल साक्ष्यों की जांच के लिए पड़ताल जारी है।

.....

Next Post

पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ :सिद्धार्थ

Sat Oct 3 , 2026
रीवा त्योंथर। सेवा सेतु अभियान अंतर्गत मझिगवां स्थित शासकीय हायर सेकंडरी विद्यालय में सरकार आपके द्वार एवं मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में त्योंथर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री सिद्धार्थ तिवारी राज ने प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में क्षेत्रीय जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं […]

You May Like